10 साल पहले किया प्रेम विवाह, फिर ऐसा क्या हुआ कि सुनीता ने लगा ली फांसी?

बेटा बोला… विवाद के बाद मां ने खुद को कर लिया था कमरे में बंद
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सम्राट नगर में रहने वाली महिला ने पति से विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चिमनगंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया और परिजन के बयान दर्ज किए।
सुनीता प्रजापत पति परवेज खान (40) निवासी सम्राट नगर आगर रोड ने बुधवार रात 10 बजे घर में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति परवेज खान उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। सूचना मिलने पर सुनीता के मायके वाले भी चरक अस्पताल आ गए। यहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद परवेज अस्पताल से भाग गया। सुनीता के बेटे कुंदन ने बताया कि करीब 10 साल पहले उसकी मां और परवेज खान ने कोर्ट मैरिज की थी। दोनों सम्राट नगर में साथ रहने लगे। परवेज ऑटो चलाता है। दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था।
पहला पति मंदसौर में
कुंदन ने बताया कि मां सुनीता का मायका जयसिंहपुरा में है। उनकी शादी पहले मंदसौर में हुई थी। वहां पति से विवाद के बाद मां मायके में आकर रहने लगी। यहीं पर उनकी परवेज से पहचान हुई और प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली। हालांकि मां ने पहले पति से तलाक नहीं लिया था।
विवाद में परवेज की बहन, जीजा भी आये
कुंदन ने बताया कि बुधवार को जब मां और परवेज के बीच विवाद हो रहा था तो घर के पीछे रहने वाली परवेज की बहन शब्बो, जीजा आशिक बेग, भांजा रेहान भी आ गए और मां से विवाद करने लगे। इसी से प्रताडि़त होकर मां ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। सुनीता के परिजन ने बताया कि उसका अंतिम संस्कार हिंदू रीति रिवाज से करेंगे। बुधवार रात अस्पताल से भागा परवेज गुरुवार सुबह सुनीता का पीएम कराने के दौरान नहीं लौटा।
पत्नी मायके में, पति ने जहर खाकर कर ली आत्महत्या
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। झारड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक ने अज्ञात कारणों के चलते जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पीएम कराया और जांच शुरू की है। तेजूलाल पिता किशनलाल (45) निवासी कचनारिया झार्डा खेती करता था। बुधवार को उसके भाई दयाराम ने देखा तेजूलाल बेसुध अवस्था में पड़ा है। उसे चरक अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने तेजूलाल को मृत घोषित कर दिया। परिजन ने बताया कि तेजूलाल की पत्नी प्रेमबाई पिछले 5 वर्षों से इटावा स्थित मायके में रह रही है। उसके दो बच्चे हैं। तेजूलाल घर में अकेला रहता था और शराब पीने का आदी हो गया था।









