चिमनगंज थाने में सूने मकान में चोरी, पुलिस की जांच जारी

उज्जैन। चिमनगंज मंडी थाने के गिरिराज रतन कॉलोनी में एक सूने मकान में चोरी की वारदात हो गई। मकान में रहने वाला परिवार गमी में शामिल होने बाहर गया था। उसके लौटने के बाद ही चोरी गए सामान की जानकारी मिलेगी। दरअसल,
कॉलोनी में रहने वाले मनीष काले के यहां वारदात हुई है। वे मौसी के निधन पर शोक जताने के लिए बाहर गए थे। घर पर ताला लगा था। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात बदमाश घर में घुसे । चोरी का पता गुरुवार सुबह उस वक्त चला, जब पड़ोस में रहने वाली महिला ने घर का दरवाजा खुला देखा। अंदर सामान बिखरा हुआ था। ऐसे में उन्होंने काले को फोन पर सूचना दी। उनके लौटने के बाद ही चोरी गए सामान और कीमत का पता चलेगा। मौके पर चिमनगंज मंडी थाने के पुलिसकर्मी भी पहुंचे और जांच शुरू की। टीआई अशोक पाटीदार ने बताया कि आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रहे हैं। जांच के बाद ही मामला साफ हो पाएगा।









