EPFO: मोबाइल पर देख सकेंगे पीएफ बैलेंस-पासबुक

नईदिल्ली, एजेंसी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को ईपीएफओ के 74वें स्थापना दिवस पर दो नई सुविधाओं की शुरुआत की। इनमें वॉट्सऐप सर्विस और निष्क्रिय (डिएक्टिव) पीएफ खातों का ऑटोमैटिक सेटलमेंट शामिल है।
इन सुविधाओं से खाताधारकों को पीएफ संबंधी जानकारी और राशि प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान होगी। ईपीएफओ के वेरिफाइड वॉट्सएप नंबर के जरिए अब खाताधारक मोबाइल पर ही कई जरूरी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। इसमें पीएफ बैलेंस चैक करना, पासबुक की जानकारी देखना और पिछले पांच लेनदेन का विवरण प्राप्त करना शामिल है। इसके अलावा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से जुड़ी आवश्यकताओं के लिए व्यक्तिगत मार्गदर्शन और सहायता भी वॉट्सएप पर उपलब्ध कराई जाएगी।
क्लेम प्रक्रिया, कागजी कार्रवाई भी कम होगी
स्थापना दिवस के अवसर पर श्रम मंत्री ने पात्र निष्क्रिय खातों के ऑटोमैटिक सेटलमेंट सिस्टम की भी शुरुआत की। इसके तहत ऐसे निष्क्रिय पीएफ खातों में, जिनमें 1,000 रुपए तक की राशि बची है और खाताधारक का आधार सत्यापित है, बिना क्लेम फॉर्म भरे राशि का सेटलमेंट किया जाएगा।









