इंदौर की युवती से जिस कार में हरकत हुई, उसे पुलिस ने वडोदरा से जब्त किया

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगीं
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पिछले दिनों इंदौर की युवती के साथ दो युवकों ने कार में अश्लील हरकत की थी। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया जबकि उसके दोस्त की तलाश जारी है।
यह था मामला: इंदौर निवासी युवती ने नानाखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जयसिंहपुरा निवासी चक्रेश जैन से सोशल मीडिया पर दोस्ती थी। चक्रेश ने उसे उज्जैन मिलने बुलाया। युवती बस से उज्जैन आई। मेघदूत के पास चक्रेश की कार में बैठी। दोनों एक होटल गए जहां चक्रेश ने उसे कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया। बाद में चक्रेश ने कार में अपने दोस्त राजेश पंथी निवासी नगरकोट के साथ मिलकर अश्लील हरकत की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
रिमांड पर चल रही पूछताछ
पुलिस ने चक्रेश जैन को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। उससे पूछताछ के बाद वड़ोदरा से वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की। चक्रेश ने अपने दोस्त का नाम भी इसी दौरान कबूला। टीआई नरेंद्र यादव का कहना है कि राजेश पंथी की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं, लेकिन उसका सुराग हाथ नहीं आ रहा। चक्रेश से जब्त मोबाइल की डिटेल भी पुलिस जांच रही है जिससे युवती और उसके बीच रिलेशन की जानकारी पुलिस को मिली है।









