देवास में थाना प्रभारी को कुचलने वाला आईसर चालक और क्लीनर गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू को आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस टीम उसे देवास लेकर आ रही थी। इसी दौरान बरोठा थाना क्षेत्र में आरोपी ने पुलिस का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की।
पुलिस ने उसे रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गजेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी। इस दौरान क्लीनर धीरज मंडलोई के पैर में भी गोली लगने की जानकारी सामने आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
रोज 15 लाख रुपए की शराब बेचने का दावा, कांग्रेस नेता का नाम आया सामने
टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को करोड़ों रुपए के अवैध शराब कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जानकारी मिली है। जांच में सामने आया कि यह सिंडिकेट हरदा के टिमरनी से लेकर गुजरात तक फैला हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए प्रतिदिन करीब 15 लाख रुपए की अवैध शराब बेची जाती थी। आरोप है कि इसमें से 2 से 4 लाख रुपए कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल के घर पहुंचते थे।
जांच के दौरान राहुल जायसवाल के मुनीम से पिछले दो महीने में करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपए के लेन-देन का हिसाब मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस रकम और कथित शराब कारोबार के बीच संबंधों की जांच कर रही है।
कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल समेत तीन आरोपी कोर्ट में पेश
मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल, आलीराजपुर के केरम सिंह और इंदौर के वकील विजय राव को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, विजय राव आरोपियों के कानूनी मामलों को देखने के साथ मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच फैले शराब नेटवर्क में मध्यस्थ की भूमिका निभाता था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन, कारोबार से जुड़े लोगों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
टीआई की पत्नी का आरोप- सेंधवा के एक नेता ने दी थी धमकी
खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की पत्नी कविता ने आरोप लगाया कि सेंधवा में पदस्थापना के दौरान उनके पति को परेशान किया जाता था। उन्होंने बताया कि एक नेता ने धमकी दी थी कि पुरी को नहीं छोड़ेंगे।
मंगलवार को डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने दिलीप पुरी के पिता की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फोन पर बात कराई। इस दौरान पिता ने अपनी बहू कविता को अनुकंपा नियुक्ति के तहत एसआई पद पर इंदौर आईजी या पुलिस कमिश्नर कार्यालय में पदस्थ करने की मांग रखी।
प्रदेशभर में अवैध शराब के खिलाफ चलेगा अभियान
खातेगांव टीआई हत्याकांड और अवैध शराब कारोबार के खुलासे के बाद प्रदेश सरकार ने भी सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अवैध शराब के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने डीजीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। माना जा रहा है कि इस अभियान के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी।









