आज 40 लाख मूल्य के नोटों से शृंगारित होगा गजलक्ष्मी माता मंदिर

शहर पर चढ़ा दीपोत्सव का रंग, मंदिरों में चलेगा उत्सव का दौर, कृ षि उपज मंडी में कल से नहीं होगी नीलामी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर पर दीपोत्सव का रंग चढ़ गया है। मंदिरों में उत्सव को दौर भी शुरू हो गया है। नईपेठ स्थित गजलक्ष्मी माता मंदिर को नोटों से सजाया जा रहा है। 40 लाख रुपए मूल्य कीमत के नोटों से मंदिर शाम तक शृंगारित होने की उम्मीद है। नोटों की झालर बुधवार रात बनकर तैयार हो गई थी। अब इन्हें बांधने का काम चल रहा है।
गजलक्ष्मी माता मंदिर पर दिवाली पर काफी भीड़ होती है। ऐसा माना जाता है कि यहां पूजन करने से स्थिर लक्ष्मी की प्राप्ति होती है।
पुजारी पंडित सागर शर्मा ने बताया कि मंदिर शृंगार में 40 लाख रुपए मूल्य के नोटों का उपयोग होगा। 150 श्रद्धालुओं ने अपनी तरफ से यह राशि उपलब्ध कराई है। यह नोट, 50,100, 200 और 500 रुपए मूूल्य के हैं।
सीसीटीवी कैमरे लगे
मंदिर में सुरक्षा के लिए 6 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 8 गार्ड तैनात किए गए हैं।
10 नवंबर तक रहेगा शृंगार
नोटों का शृंगार आज शाम तक पूरा हो जाएगा। श्रद्धालु 6 नवंबर से इसे देख सकेंगे। यह सिलसिला 10 नवंबर तक चलेगा।
नोटो के शृंगार का सिलसिला 4 साल पहले शुरू हुआ
गजलक्ष्मी में नोटों से शृंगार का सिलसिला चार साल पहले शुरू हुआ है। दरअसल रतलाम के माणकचौक में स्थित लक्ष्मी माता मंदिर में यह सिलसिला सालों से चला आ रहा है। वहां नोटों के साथ व्यापारी सोना-चांदी भी रख जाते हैं। दिवाली पूजन के बाद यह सामग्री उनको लौटा दी जाती है।
11 नवंबर तक अवकाश 12 को मुहूर्त के सौदे
कृषि उपज मंडी में भी शुक्रवार से अवकाश की शुरुआत होगी। यह सिलसिला भाईदूज (11 नवंबर) तक चलेगा। 12 नवंबर को मंडी की शुरुआत मुहूर्त के सौदे से होगी। हालांकि 9 नवंबर को गो अन्नकूट होगा। इस कार्यक्रम में सीएम भी उपस्थित हो सकते हैं।
दौलतगंज होलसेल किराना बाजार 9 से 11 नवंबर तक रहेगा बंद
दौलतगंज होलसेल किराना बाजार में इस बार दिवाली को लेकर लंबा अवकाश रहेगा। अमूमन दो दिन बंद रहने वाला बाजार इस बार 9 से 11 नवंबर तक बंद रहेगा। 12 नवंबर को मुहूर्त के सौदे से बाजार फिर से शुरू होगा। इससे पहले फव्वारा चौक बगीचे में लक्ष्मीपूजन और दिवाली मिलन समारोह होगा।









