टहल रहे एसडीएम को मारी टक्कर, अस्पताल में भर्ती

कोठी रोड पर स्टंटबाज वाहन चालकों का कहर
उज्जैन। कोठी रोड़ पर स्टंटबाज वाहन चालकों का कहर ऐसा है कि सड़क किनारे पैदल चलने वाले लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। मंगलवार रात एक बाइक चालक ने एसडीएम को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
कालिदास अकादमी से कोठी रोड और उद्यन मार्ग पर रोजाना बाइक सवार स्टंटबाजी करते हैं और वाहन तेज रफ्तार से दौड़ाते हैं। सुबह-शाम व रात के समय क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में पैदल भ्रमण को निकलते हैं जिन्हें स्टंटबाजों से जान का खतरा बना रहता है।
मंगलवार रात एसडीएम एल.एन. गर्ग वॉक के लिए कोठी रोड पर गए थे, उन्हें तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। गर्ग संभल पाते उसके पहले ही बाइक चालक मौके से भाग निकले। राहगीरो ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। खास बात यह कि स्टंटबाज वाहन चालकों पर माधव नगर थाना पुलिस और यातायात पुलिस कभी-कभी ही कार्रवाई करती है। खासकर हादसे के समय। जबकि यह इलाका वीआईपी है और बड़ी संख्या में लोग यहां सैर के लिए सुबह और शाम के समय आते हैं।









