सेवरखेड़ी प्रोजेक्ट 86 फीसदी से ज्यादा पूरा

सिंहस्थ की तैयारी : अफसरों और जनप्रतिनिधियों ने देखें काम, स्पीड पर जताया संतोष
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर शुरू किए गए कई बड़े प्रोजेक्ट अब पूरे होने की कगार पर हैं। इनमें उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन और सेवरखेड़ी-सिलारखेड़ी प्रोजेक्ट प्रमुख हैं। सिक्सलेन का काम 90 और सेवरखेड़ी का 86 फीसदी पूरा हो गया है। एक सफर आसान बनाएगा तो दूसरा शिप्रा को प्रवाहमान। जनप्रतिनिधियों ने अन्य कामों की स्पीड पर भी संतोष जताया।
दरअसल, बुधवार की सुबह सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, यूडीए अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, निगम सभापति कलावती यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल अफसरों के साथ प्रोजेक्ट देखने निकले थे। गीता भवन से शुरू हुआ उनका निरीक्षण सेवरखेड़ी तक चला। इस बीच उन्होंने नानाखेड़ा-शांति पैलेस रोड, और शिप्राघाट भी देखा।
खजूरवाली मस्जिद- गणेश चौक का निर्माण देखा
खजूर वाली मस्जिद- गणेश चौक एवं गौतम मार्ग (महावीर मार्ग) से तिलकेश्वर तक निर्माणाधीन मार्गों का निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने मुआयना किया। लगभग 730 मीटर लंबे इस मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। उन्होंने अफसरों से कहा कि मलबे को रात्रिकालीन शिफ्ट में हटाएं और तुड़ाई का काम अगले 15 दिन में पूरा करें। भवनों को उन्होंने निर्धारित मार्किंग के अनुसार हटाने का कहा।









