Popup Image

खातेगांव कांड : प्रॉफिट की डायरी मिली, 6 महीने का ट्रक रूट खंगाल रही पुलिस

पार्टनर्स के बीच हर महीने बंटती थी कमाई, वाउचर-खाता बुक और 5 लाख से ज्यादा नकदी जब्त, 4-5 आरोपी अब भी फरार

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज देवास। खातेगांव शराब कांड की जांच में पुलिस को पार्टनर्स के बीच कमाई के बंटवारे, नकदी लेनदेन और शराब परिवहन से जुड़े अहम दस्तावेज मिले हैं। टिमरनी शराब दुकान के मैनेजर और एरिया मैनेजर भूपेंद्र राणा की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ा है। पुलिस तीन दुकानों और संयुक्त कार्यालयों पर छापेमारी कर वाउचर, प्रॉफिट वितरण की खाता बुक, ट्रांजिट पास और 5 लाख रुपए से अधिक नकदी जब्त कर चुकी है। अब शराब परिवहन में इस्तेमाल ट्रक का छह महीने का फास्टैग डेटा खंगाला जा रहा है, ताकि पूरे नेटवर्क और आरोपियों की आवाजाही का पता लगाया जा सके।

एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि टीआई हत्याकांड में भूपेंद्र राणा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मिला है। मामले में अब तक छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि 4 से 5 आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में अहमदाबाद और इंदौर सहित कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। फरार आरोपियों पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित है।

Advertisement

हर महीने बंटती थी कमाई खाता बुक में हिसाब
पुलिस ने पिछले दो दिनों में टिमरनी और हरदा के कार्यालयों के साथ हरदा रोड, सोदलपुर रोड और तीसरी शराब दुकान के कार्यालयों पर छापेमारी की। यहां से पार्टनर्स के बीच कैश प्रॉफिट और भुगतान के हिसाब वाले वाउचर, खाता बुक और नकदी मिली। खाता बुक में हर महीने पार्टनर्स के बीच प्रॉफिट बांटने का हिसाब दर्ज है। पुलिस ने 5 लाख रुपए से अधिक नकदी भी जब्त की है। ट्रक में मिली शराब के बैच नंबर से जुड़े दस्तावेज और ट्रांजिट पास भी बरामद हुए हैं।

शराब परिवहन में इस्तेमाल ट्रक के पिछले छह महीने के फास्टैग डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है। टोल रिकॉर्ड से ट्रक के गुजरने के समय और रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती जांच में राऊ, पीथमपुर और अलीराजपुर के रूट सामने आए हैं। पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्यों से इनकी पुष्टि कर रही है। ट्रक फाइनेंस से भी अहम जानकारी मिली है। आरोपी केरम ने अपनी पत्नी और एक अन्य बैंक खाते के जरिए ट्रक की किस्तें चुकाई थीं। पुलिस खातों के लेनदेन और रकम के स्रोत की जांच कर रही है।

Advertisement

ट्रक मॉडिफाई करने वाला मिला
पुलिस उस व्यक्ति तक पहुंच गई है, जिसने ट्रक को मॉडिफाई किया था। उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस की एक टीम इंदौर में आरोपी विजय से जुड़े पुराने मामलों और जमानत प्रक्रिया में आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। पूछताछ में राहुल जायसवाल ने पेट्रोल पंप और बसों के संचालन की जानकारी दी थी। हालांकि, जांच में पेट्रोल पंप के दस्तावेज उसके नाम पर नहीं मिले। एसपी के अनुसार, इसकी जांच की जा रही है कि कारोबार किसी अन्य व्यक्ति के नाम से तो संचालित नहीं हो रहा था। पुलिस बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और पैसों के मूवमेंट की पड़ताल कर रही है। प्रॉफिट की खाता बुक, बैंक ट्रांजेक्शन, फास्टैग और परिवहन दस्तावेजों के आधार पर पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका पता की जा रही है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें