ओरछा में 126.96 करोड़ से बनेगा भव्य श्रीरामराजा लोक : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीरामराजा सरकार की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

अक्षरविश्व न्यूज:भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को छोटी दीपावली के अवसर पर निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध श्रीरामराजा सरकार मंदिर में दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, प्रगति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा का श्रीरामराजा मंदिर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से ओरछा का विशेष महत्व है। यहां आने वाले लोगों का मन इस नगरी में रम जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ओरछा के धार्मिक और सांस्कृतिक गौरव को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम मंदिर और उज्जैन में श्री महाकाल महालोक के विकास से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। इसी तर्ज पर ओरछा में भी विकास कार्य किए जा रहे हैं। यहां 126.96 करोड़ की लागत से भव्य श्रीरामराजा लोक का निर्माण किया जा रहा है।
स्थानीय उत्पादों और बुंदेली कला को सराहा
मुख्यमंत्री ने ओरछा के हाथी साव सुपारी साव परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय इतिहास, संस्कृति, पारंपरिक खाद्य पदार्थों, औषधीय फसलों और बुंदेली कला से जुड़े स्टॉलों की जानकारी ली।
प्रदर्शनी में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रत्येक स्टॉल के लिए 5-5 हजार की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। उन्होंने मोटे अनाज से तैयार खाद्य पदार्थों, तुलसी की खेती, तुलसी की चाय और औषधीय फसलों से बने उत्पादों के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा बुंदेली चित्रकारी का प्रदर्शन कर रही बालिकाओं से बातचीत की और उनकी बनाई पेंटिंग्स की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कुछ पेंटिंग्स खरीदकर बालिकाओं का उत्साह भी बढ़ाया।
239.87 करोड़ से संवरेगी ओरछा की धरोहर
ओरछा के सांस्कृतिक गौरव को पुनर्स्थापित करने और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 239.87 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इनमें 126.96 करोड़ की लागत से श्रीरामराजा लोक का निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा स्टेट आर्कियोलॉजी के तहत 7.5 करोड़ और स्टेट टूरिज्म के तहत 19.73 करोड़ के कार्य किए जा रहे हैं।









