दीपावली पर शहर के 25 स्थानों पर लगी आग

दो दिनों में 10 लोग पटाखों से जलकर पहुंचे अस्पताल
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। खुशियों के पर्व दीपावली पर पटाखे जलाने के दौरान 25 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं वहीं 1० लोग पटाखे चलाने के दौरान झुलसकर अस्पताल पहुंचे।
फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार दीपावली पर्व के दौरान संभावित आगजनी की घटनाओं के मददेनजर दो शिफ्ट में कुल 90 कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई थी। 8 नवंबर की रात देवासरोड, शिप्रा विहार, श्रीराम नगर, सुभाष नगर, ऋषि नगर, भेरूगढ़, पटनी बाजार सहित कुल 25 स्थानों पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। कुल 13 दमकलों ने 1१0 से अधिक फेरे लगाकर आग पर काबू पाया। अच्छी बात यह रही कि एक-दो स्थानों को छोड़कर आग की घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।
बालक की आग में चोट तो किसी के झुलसे हाथ
चरक अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक दीपावली पर होने वाली पटाखेबाजी के दौरान आगजनी की घटनाओं को देखते हुए अलग से बर्न वार्ड तैयार कर यहां डॉक्टर्स सहित 6 लोगों को तैनात किया गया था। दीपावली की रात पटाखे जलाने के दौरान कुल 6 लोग झुलस कर आये जिन्हें बर्न वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया गया। इनमें हंसराज (13) निवासी कुशलपुरा का बालक भी था जिसे आंख में गंभीर चोट आई। उसे इंदौर रैफर किया गया। वहीं अंकित निवासी बड़ौद पंथ भी पटाखे चलाने के दौरान गंभीर घायल हुआ। वहीं 9 नवंबर को भी पटाखे चलाने के दौरान 4 लोग झुलस कर अस्पताल आये थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुटटी दी गई।









