सीवरेज-पाइपलाइन के रेट पर बोले एमआईसी सदस्य, फाइल तो दिखाओ

कमिश्नर ने इंजीनियर से कहा- कल दिखा देना…
संविदा पर इंजीनियरों की नियुक्ति सहित सीवरेज-पाइपलाइन के रेट को एमआईसी की मंजूरी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मेयर इन काउंसिल की मीटिंग में सिंहस्थ क्षेत्र में डलने वाली सीवरेज-ड्रेनेज एवं पाइपलाइन के रेट फाइनल करने के प्रस्ताव पर एमआईसी सदस्य ने सवाल कर लिए। उन्होंने कहा कि हमें यह पता ही नहीं चलता कि आखिर हो क्या रहा है। उनके विभाग से जुड़े हरियाखेड़ी प्रोजेक्ट को लेकर भी उन्होंने सवाल किए तो कमिश्नर ने इंजीनियर से कहा कि कल फाइल दिखा देना।
हालांकि एमआईसी ने संविदा पर इंजीनियरों की नियुक्ति, सीवरेज-पाइपलाइन के रेट सहित मुआवजा फाइनल करने के प्रस्ताव पारित कर दिए। दरअसल, सोमवार को मेयर इन काउंसिल की बैठक महापौर मुकेश टटवाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा, सत्यनारायण चौहान, रजत मेहता, कैलाश प्रजापत, जितेंद्र कुवाल, डॉ. योगेश्वरी राठौर, दुर्गा शक्ति सिंह चौधरी, श्रीमती सुगन बाबूलाल बाघेला की उपस्थिति में हुई।
बैठक में बिजली खर्च कम करने के लिए कैप्टिव सौर ऊर्जा परियोजना के तहत मध्यप्रदेश अर्बन कैप्टिव सोलर प्रोजेक्ट स्थापित करने की अनुशंसा की गई। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सीवरेज संबंधित इंफा्र की दर स्वीकृत करने की बात आई तो एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा ने सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट संबंधी जानकारी उन्हें नहीं दी जाती और सीधे स्वीकृति ली जाती है।ठेकेदार २० फीसदी बिलो रेट पर काम कैसे करेगा। इस पर निगमायुक्त ने इंजीनियर साहिल मैदावाला से कहा कि कल सुबह जाकर फाइल दिखा आना। इसके बाद इस प्रस्ताव को पारित कर दिया गया।
इन प्रस्तावों को मंजूरी
मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत पारस तालाब विकास कार्य की उपलब्ध राशि से गयाकोटा तीर्थ स्थित ऋषितलाई के विकास कार्य का परीक्षण करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया।
वीडी मार्केट- तेलीवाड़ा- ढाबा रोड -छोटी पुलिया मार्ग , गाडी अड्डा चौराहे से बड़ा पुल मार्ग, हरसिद्धि पाल-रामघाट मार्ग चौड़ीकरण, एसआर-1 रोड (दारू गोदाम से एमआर-5 रोड) प्रभावितों के मुआवजा प्रकरण स्वीकृत किए गए।
जितेंद्र श्रीवास्तव और राजीव गायकवाड़ को सहायक यंत्री, राजेश कुमार जैन को कार्यपालन यंत्री के पद पर संविदा नियुक्ति की मंजूरी दी गई।









