Popup Image

अब शहर में नहीं दिखाई देगा श्यामू, इलाज के लिए जामनगर के वनतारा भेजा

गुजरात से आई विशेषज्ञों की टीम अपने साथ स्पेशल व्हीकल में ले गई, दो महावत रहेंगे सेवा में, प्रबंधन देगा ३० हजार रुपए महीना, पैर तिरछे और टीबी की समस्या थी

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर के प्रमुख इलाकों में दिखने वाला श्यामू हाथी अब नहीं दिखेगा। तिरछे पैर और टीबी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे श्यामू को इलाज के लिए गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है। उज्जैन के दो महावत उसकी सेवा में रहेंगे। उन्हें वनतारा प्रबंधन 30-30 हजार रुपए मासिक वेतन देगा।

दरअसल, श्यामू पिछले साल तक बाबा महाकाल की सवारी में मनमहेश मुघौटे को सिंहासन पर बैठाकर निकलता था। इस साल तबीयत खराब होने के कारण वन विभाग ने उसको सवारी में निकालने की अनुमति नहीं दी थी। फिर भी श्यामू अक्सर शहर की सड़कों पर दिख जाता था। खासकर फ्रीगंज इलाके में महावत उसे टहलाने के लिए निकलते थे। इस बीच वह लोगों से दक्षिणा भी लेता दिखता था।

Advertisement

बेहतर इलाज की जरूरत
श्यामू के पैरों में परेशानी थी और उसके पैर तिरछे हो गए थे। उसे टीबी की बीमारी भी थी। बावजूद इसके जब वह सड़क पर निकलता था तो लोग श्यामू का जमकर स्वागत करते थे।

डीएफओ अनुराग तिवारी ने बताया कि श्यामू के पैरों में परेशानी थी और वे टेढ़े होने लगे थे। इसके अलावा वह टीबी पीडि़त था। स्थानीय स्तर पर उसका इलाज कराया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं था। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में बेहतर उपचार और देखभाल के लिए उसे वनतारा भेजने का निर्णय लिया गया।

Advertisement

वन विभाग के एसडीओ विक्रम सिंह सोलंकी के अनुसार श्यामू के मालिक ने स्वेच्छा से उसे दान करने के लिए लिखित आवेदन दिया था। इसके बाद भोपाल से ट्रांसपोर्ट परमिट जारी हुआ और आवश्यक अनुमतियां मिलने के बाद उसे गुजरात रवाना किया गया।

पांच महीने पहले सैंपल लेने पहुंची थी विशेषज्ञों की टीम
श्यामू की सेहत की जांच और इलाज के लिए पहले भी कई बार विशेषज्ञों की टीमें इंदौर रोड स्थित साईंनाथ कॉलोनी पहुंची थीं, जहां वह अपने मालिक के साथ रहता था। करीब पांच महीने पहले इंदौर चिडिय़ाघर के प्रभारी उत्तम यादव, उज्जैन के पशु चिकित्सक डॉ. मुकेश जैन और पन्ना टाइगर रिजर्व के डॉ. संजय गुप्ता ने उसके खून का सैंपल लेने का प्रयास किया था। हालांकि, हाथी के मालिक सरमन गिरि और उनके परिवार ने इसका विरोध किया था और टीम को सैंपल नहीं लेने दिया था।
लगातार विरोध और श्यामू की बिगड़ती सेहत के बीच आखिरकार वनतारा और उज्जैन वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर गुजरात भेज दिया।

मालिक को मिलेगा दूसरा हाथी, दोनों सदस्यों को नौकरी
सूत्रों के अनुसार, वनतारा की ओर से श्यामू के बदले उसके मालिक को दूसरा हाथी दिया जाएगा। वहीं, श्यामू के साथ जामनगर गए हरिनारायण और शिवनारायण को वनतारा में नौकरी देने की व्यवस्था की गई है। दोनों को प्रतिमाह 30 से 40 हजार रुपए वेतन दिया जाएगा। उनके रहने की व्यवस्था भी वनतारा की ओर से की गई है। बताया गया है कि दोनों जब तक चाहें, वहां रह सकते हैं।

विशेष रेस्क्यू वाहन से किया गया रवाना
श्यामू को वनतारा तक ले जाने के लिए करीब 15 सदस्यों की टीम उज्जैन आई थी। इसमें विशेषज्ञ डॉक्टर और महावत शामिल थे। टीम अपने साथ विशेष रेस्क्यू वाहन ,टैंकर सहित दो वाहन लेकर पहुंची थी। पूरी प्रक्रिया के दौरान डॉक्टरों और महावतों की टीम मौजूद रही। श्यामू को नए स्थान पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। उसके साथ उज्जैन के दोनों महावत भी जामनगर रवाना हुए।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें