अनूपपुर में हादसा : शादी में जा रहे आर्मी जवान समेत 3 की मौत

खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, एक घायल
अक्षरविश्व न्यूज अनूपपुर। अनूपपुर में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। बोलेरो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो सगे भाई और बोलेरो का मालिक शामिल हैं। मृतकों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36) और विनीत विश्वकर्मा (26) के रूप में हुई है। विनीत आर्मी में जवान था। वह दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था।
तीसरे मृतक की पहचान बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम (32), निवासी धनगवां के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में धनगवां निवासी राजू तिवारी (30), पिता सुरेश तिवारी, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।









