Popup Image

आवास योजना के नाम पर ठगी, निगम के क्लीनर ने महिलाओं को लगाया लाखों का चूना

नौकरी और ऊंची पहुंच का दिया भरोसा, पत्नी के बैंक खाते में जमा कराई रकम

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज देवास। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से 4 लाख 85 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का आरोप नगर निगम में क्लीनर के पद पर पदस्थ कर्मचारी नंदकिशोर प्रजापत पर है। आरोप है कि उसने निगम में अपनी नौकरी और ऊंची पहुंच का भरोसा दिलाकर एक महिला से 2 लाख 5 हजार और दूसरी से 2 लाख 80 हजार रुपए ले लिए। महिलाओं से ली गई यह रकम योजना के खाते में जमा कराने के बजाय आरोपी ने अपनी पत्नी के बैंक खाते में डलवा दी। लंबे इंतजार के बाद भी जब महिलाओं को मकान नहीं मिला और रकम भी वापस नहीं की गई तो उन्होंने नगर निगम में शिकायत की। निगम की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है।

पीडि़त महिलाओं ने नगर निगम में लिखित शिकायत देकर बताया था कि नंदकिशोर प्रजापत ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और मकान आवंटित कराने का भरोसा दिया था। उसकी बातों में आकर दोनों महिलाओं ने अपनी जमा-पूंजी उसके बताए अनुसार पत्नी के बैंक खाते में जमा करा दी। एक महिला ने 2.05 लाख और दूसरी ने 2.80 लाख रुपए दिए थे। इसके बावजूद न तो उन्हें आवास आवंटित हुआ और न ही आरोपी ने उनकी रकम लौटाई।

Advertisement

मामले की शुरुआती विभागीय जांच में कर्मचारी पर पद का दुरुपयोग कर महिलाओं से राशि लेने का मामला सामने आया। इसके बाद 10 नवंबर को नगर निगम के प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल अधिकारी ने नगर पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। निगम की ओर से भेजे गए पत्र के आधार पर 19 नवंबर को कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

कोतवाली टीआई बोले- आरोपी को ढूंढ रहे हैं

Advertisement

कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि नगर निगम को दो महिलाओं ने आवेदन दिया था। निगम की जांच में सामने आया कि उसके यहां क्लीनर के पद पर कार्यरत नंदकिशोर प्रजापत ने आवास दिलाने का आश्वासन देकर दोनों से कुल 4.85 लाख रुपए लिए और यह राशि अपनी पत्नी के खाते में जमा कराई। महिलाओं को अब तक कोई आवास आवंटित नहीं हुआ है। निगम की शिकायत पर आपराधिक धोखाधड़ी, गबन और अमानत में खयानत से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। उसके पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें