इंदौर में अधजले शव की गुत्थी सुलझी

सिर में लगी सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से हुई पहचान
ई-रिक्शा चालक विनय सोलंकी की गला घोंटकर हत्या, फिर शव जलाया; जैकेट दिलाने के बहाने साथ ले गया संदेही
इंदौर। इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट्स के पास मिले अधजले शव के मामले में पुलिस ने मृतक की पहचान कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। शव बुरी तरह जल जाने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल था, लेकिन पोस्टमॉर्टम के दौरान सिर में मिली सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर ने पुलिस को अहम सुराग दिया। इसके आधार पर मृतक की पहचान एरोड्रम निवासी ई-रिक्शा चालक विनय सोलंकी के रूप में हुई। विनय 21 नवंबर से लापता था।
डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि विनय की पहले गला घोंटकर हत्या की गई और इसके बाद पहचान छिपाने तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया।
सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से खुला पहचान का राज
शव की पहचान के लिए पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के दौरान मिले सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर की मदद ली। इसके आधार पर अरबिंदो अस्पताल का रिकॉर्ड खंगाला गया। अस्पताल के रिकॉर्ड से पता चला कि वर्ष 2025 में विनय के सिर के ऑपरेशन के दौरान यह प्लेट लगाई गई थी। इसके बाद एरोड्रम थाने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान विनय सोलंकी के रूप में हुई।
जैकेट दिलाने के बहाने साथ ले गया
पुलिस के मुताबिक, हत्या के मामले में वंदना नगर, छोटा बांगड़दा निवासी 26 वर्षीय अजय, पिता महेंद्र कपारिया, मुख्य संदेही है। वह भी ई-रिक्शा चलाता है। बताया गया कि अजय ने सुजीत नाम के युवक को जैकेट दिलाने का बहाना बनाया और इसी बहाने विनय को अपने साथ ले गया। पुलिस का कहना है कि अजय ने वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने की योजना बनाई थी। फिल्म ‘दृश्यम’ से प्रेरित होकर उसने जांच से बचने की कोशिश की।
मोबाइल घर पर छोड़कर गया था संदेही
डीसीपी नरेंद्र रावत के अनुसार, पुलिस लोकेशन के जरिए उस तक नहीं पहुंच सके, इसके लिए अजय वारदात के समय अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़ गया था। पुलिस ने जांच के दौरान अलग-अलग साक्ष्यों और बयानों के आधार पर संदेही तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
सुजीत की हत्या में कोई भूमिका नहीं
डीसीपी रावत ने स्पष्ट किया कि सुजीत की मारपीट या हत्या में कोई भूमिका नहीं थी। पुलिस को उसके बयान से मामले की जांच में मदद मिली। पुलिस हत्या के मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।









