Popup Image

मलबे पर गरमाई सियासत… पीडि़तों के बीच पहुंचे जीतू पटवारी, बोले: सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे लड़ाई

भाजपा परिषद को घेरा… पूछा: रजिस्ट्री और बैंक लोन के बाद मकान अवैध कैसे… दो-तीन दिन में कलेक्टोरेट घेराव का ऐलान

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। कृष्णबाग कॉलोनी में 40 से अधिक आशियानों को रौंदने वाले सरकारी बुलडोजर के मलबे से अब सियासी चिंगारी भड़क उठी है। बेघर हुए परिवारों का दर्द बांटने बस्ती पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीधे सरकार और प्रशासन के खिलाफ आर-पार की जंग का बिगुल फूंक दिया। पटवारी ने ललकारते हुए कहा कि गरीबों की छत छीनने वालों के खिलाफ कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगी और इसके लिए बड़े वकीलों की फौज उतारी जाएगी।

प्रभावितों से मिलकर पटवारी ने अफसरशाही पर सीधा वार किया। उन्होंने सवाल दागा कि जब कॉलोनी बन रही थी, तब जिम्मेदार अफसर कहां सोए थे? लोगों ने मेहनत की कमाई से प्लॉट खरीदे, रजिस्ट्री कराई और बैंकों ने लोन भी दिया, तो रातों-रात ये मकान अवैध कैसे हो गए? उन्होंने आरोप लगाया कि अफसरों ने सिर्फ मकान नहीं तोड़े, बल्कि सिलाई और मजदूरी करने वाले गरीब परिवारों का भविष्य बर्बाद कर दिया।

Advertisement

25 सालों से भाजपा का राज, फिर भी जनता बेघर
पटवारी ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि शहर की सभी सीटों पर भाजपा विधायक हैं और 25 साल से निगम में भाजपा की परिषद है, फिर भी जनता के घर उजड़ रहे हैं। अब जनता को सोचना होगा कि जिन्हें वे वोट दे रही है, क्या वे संकट में साथ हैं? उनके निर्देश पर शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आंदोलन की कमान संभाल ली है। कांग्रेस अगले दो-तीन दिन में पीडि़तों के साथ मिलकर कलेक्टोरेट का घेराव करेगी। गौरतलब है कि भारी विरोध के बीच यहां 40 से ज्यादा निर्माण जमींदोज किए गए थे।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें