Popup Image

रेत से भरे डंपर में घुसी जवानों की इनोवा, एयरबैग ने बचाई 6 जिंदगियां

ड्यूटी कर नीमच से लौट रहे थे 15वीं बटालियन के जवान… एक जवान के सिर में गंभीर चोट

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। रफ्तार का कहर, टायरों की तीखी चरमराहट और फिर एक जोरदार धमाका… गुरुवार सुबह चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजकुमार नगर-बांक इलाके में कुछ पलों के लिए मानो वक्त थम-सा गया। नीमच में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की वीआईपी ड्यूटी पूरी कर लौट रहे 15वीं बटालियन के ६ जवानों की इनोवा कार (एमपी 09 टीए 8278) आगे चल रहे रेत से भरे भारी-भरकम हाईवा डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचककर चकनाचूर हो गया और अंदर बैठे जवानों की सांसें अटक गईं। लेकिन कहते हैं कि ‘जाको राखे साइयां मार सके न कोयÓ… ऐन वक्त पर कार के एयरबैग खुल गए और उन्होंने ढाल बनकर मौत के मुंह से छह जिंदगियों को सुरक्षित बाहर खींच लिया। हादसे में एक जवान के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि पांच अन्य जवानों को सामान्य चोटें आई हैं।

चंदन नगर पुलिस के मुताबिक इस सरकारी वीआईपी ड्यूटी में लगी इनोवा को बेटमा निवासी चालक अनिकेत पिता सुरेश बैरवा चला रहा था। गुरुवार सुबह जब कार राजकुमार नगर-बांक मार्ग से गुजर रही थी, तभी अचानक एक अन्य वाहन कार के ठीक सामने आ गया। संभावित टक्कर को टालने के लिए चालक अनिकेत ने पूरी ताकत से स्टेयरिंग मोड़ी, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार अपना संतुलन खो बैठी और सीधे आगे चल रहे रेत से भरे हाईवा डंपर में जा धंसी। जोरदार आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीर भी दहल गए और मदद के लिए दौड़ पड़े।

Advertisement

पीसीआर ने पहुंचाया अस्पताल

इस भीषण भिड़ंत में कार में सवार 15वीं बटालियन के जवान विकास, रामचरण, आकाश, नीरज, रामविलास और उनका एक अन्य साथी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चंदन नगर थाने की पीसीआर वैन तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायल जवानों को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद सिर में चोट लगने वाले जवान की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि शेष जवानों को प्राथमिक इलाज के बाद राहत मिली। गौरतलब है कि सभी जवान 16 अक्टूबर को नीमच में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे और ड्यूटी खत्म कर वापस मुख्यालय लौट रहे थे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें