दो सड़क हादसे : एक की मौत, तीन घायल

एनएच-52 बायपास पर देर रात दुर्घटना, रोजवास टोल के पास ट्रक की चपेट में आए दंपत्ति
अक्षरविश्व न्यूज शाजापुर। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। दोनों घटनाओं में पुलिस जांच कर रही है।
पहला हादसा मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे एनएच-52 पर लालघाटी थाना क्षेत्र के बायपास स्थित होटल प्रिंस के पास हुआ। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास पिता परमानंद और देवेंद्र पिता भोलाराम, निवासी सलसलाई, जिला शाजापुर घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है। शव जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है। लालघाटी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरी घटना बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे रोजवास टोल टैक्स के पास हुई। उज्जैन जिले के ग्राम सामगी निवासी सत्यनारायण पिता दुलजीराम पत्नी गायत्रीबाई के साथ बाइक से दांत का उपचार कराने मक्सी जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक के अचानक मुडऩे से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों घायल हो गए। सत्यनारायण के सिर में चोट आई, जबकि गायत्रीबाई को सामान्य चोटें लगीं। दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर मोहित के अनुसार दोनों घायलों की हालत सामान्य है।









