नोटों की गड्डी का ‘जादू’ दिखाकर महिला से जेवर उड़ाए

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शहर के बीचोंबीच व्यस्ततम किशनपुरा पुल के पास दिनदहाड़े दो शातिर नटवरलालों ने हाथ की सफाई दिखाते हुए एक महिला की आंखों में धूल झोंक दी। बदमाशों ने नोटों की गड्डी का सब्जबाग दिखाकर महिला के सोने-चांदी के जेवर उतरवा लिए और बदले में नोटों से भरा रुमाल थमा दिया, लेकिन जब महिला ने रुमाल की गांठ खोली तो भीतर रद्दी कागज और पत्थर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। एमजी रोड पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों के जरिए इन शातिर ठगों का सुराग तलाश रही है।
सांवेर क्षेत्र के ग्राम जेदपुरा निवासी मीरा बाई जाटवा पति मांगीलाल जाटवा दोपहर करीब 12 बजे नंदलालपुरा फू्रट मार्केट रोड से होते हुए किशनपुरा पुल के पास पहुंची थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने रास्ता रोककर उन्हें जेवरों का मोटा दाम दिलाने का लालच दिया और नोटों की गड्डियां दिखाईं। ठगों ने महिला को बातों के जाल में ऐसा उलझाया कि उन्होंने अपने कान के सोने के टॉप्स और चांदी की अंगूठी उतारकर उन्हें थमा दी। बदले में शातिरों ने रुमाल में बंधी कथित नोटों की गड्डी महिला के हाथ में रखी और पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए।
फुटेज से ठग की तलाश
कुछ कदम चलने के बाद जब महिला ने रुमाल खोला, तो अंदर कागज के टुकड़े और पत्थर निकले। ठगी का अहसास होते ही पीडि़ता ने तत्काल एमजी रोड थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के मुताबिक पुलिस टीम किशनपुरा पुल, नंदलालपुरा फू्रट मार्केट रोड और राजबाड़ा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों का हुलिया पहचान कर उनके भागने के रूट को ट्रैक किया जा सके।









