किराए के नाम पर किसानों के ट्रैक्टर बेचने वाला शातिर गिरफ्तार

भाटपचलाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई,20 ट्रैक्टर जब्त किए

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। किसानों को महंगे किराए का झांसा देकर उनका ट्रैक्टर बेच देने वाले आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे 20 टै्रक्टर जब्त किए हैं। इनकी कीमत 1.80 करोड़ रुपए है।
भाटपचलाना पुलिस के मुताबिक आरोपी किसानों को ज्यादा किराए का लालच देकर ट्रैक्टर लेता था और बाद में उन्हें बेच देता था। आरोपी ग्राम माधोपुरा निवासी रफीक पिता गनी मोहम्मद है। रतलाम के कन्हैयालाल पाटीदार और उनके तीन साथियों ने उसे चार ट्रैक्टर किराए पर दिए थे। आरोपी ने एक माह तो किराया दिया, लेकिन बाद में ट्रैक्टर लौटाने के बजाय बेच दिए।
यह जानकारी जब ट्रैक्टर मालिकों को लगी तो उन्होंने 29 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद भाटपचलाना पुलिस ने आरोपी रफीक को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अब तक किसानों के करीब 20 ट्रैक्टर किराए पर लेकर 1.80 करोड़ रुपए में बेच चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कई ट्रैक्टर जब्त कर लिए हैं।
अधिक किराए का लालच देता था
भाटपचलाना पुलिस के अनुसार आरोपी किसानों को सामान्य से अधिक किराया देने का लालच देकर फंसाता था। शुरू में समय-समय पर किराया देता फिर ट्रैक्टर बेच कर जगह बदल लेता और मोबाइल भी बदल लेता। रतलाम वारदात करने के बाद वो भाटपचलाना क्षेत्र में एक्टिव था। जहां से पुलिस ने उसे पकड़ लिया और उसके द्वारा बताई निशानदेही से २० ट्रैक्टर भी बरामद कर लिए।









