84 महादेव यात्रा में निकला महिलाओं का हुजूम

कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने किया शुभारंभ, सीएम मोहन यादव ऑनलाइन जुड़े
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सावन में इस साल की पहली 84 महादेव दर्शन यात्रा की रविवार को धमाकेदार शुरुआत हुई। पहले चरण में हजारों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। इन्हें बस से यात्रा करवाई गई। शुभारंभ सीहोर के कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा ने किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वर्चुअली जुड़े और यात्रियों को शुभकामनाएं दी।
दरअसल, सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से सावन के हर रविवार को नि:शुल्क चौरासी महादेव को दर्शन कराए जा रहे हैं। इसमें हजारों महिलाएं एक जैसी वेशभूषा में शामिल हुईं। यात्रा का शुभारंभ नानाखेड़ा बस स्टैंड पर सुबह 10 बजे हुआ।
हमारी संस्कृति को मजबूत करते हैं
पं. मिश्रा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति को और अधिक मजबूत करते हैं। उन्होंने संदेश दिया कि भगवान शिव परिवार सहित विराजमान हैं, इसलिए परिवार का सम्मान और उसकी देखभाल करना भी शिव साधना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
पालकी पूजन के साथ हुआ शुभारंभ
उद्घाटन कार्यक्रम में सीहोर के कथावाचर प्रदीप मिश्रा शामिल हुए। उन्होंने बालयोगी उमेशनाथ जी के साथ पालकी पूजन किया। इस मौके पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, मप्र कुश्ती संघ अध्यक्ष नारायण यादव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पुत्र वैभव यादव खासतौर पर उपस्थित थे। सीएम डॉ. मोहन यादव व्यक्तिगत तौर पर तो उपस्थित नहीं हो सकें लेकिन उन्होंने वर्चुअली श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिलाओं से अपनी तरफ से भगवान महादेव पर जल अर्पित करने का निवेदन किया।
शिव भक्ति में डूबा नजर आया पूरा मार्ग
पालकी पूजन के पश्चात यात्रा नानाखेड़ा बस स्टैंड से रवाना हुई। इस दौरान गायकों ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्तिमय माहौल में हजारों की संख्या में एक जैसी वेशभूषा में शामिल महिलाएं शिव भक्ति में लीन दिखाई दीं। नानाखेड़ा से शुरू हुई यात्रा फ्रीगंज की ओर बढ़ी तो जगह-जगह स्वागत किया गया। आयोजकों के मुताबिक यात्रा सावन माह के प्रत्येक रविवार को टॉवर से शुरू होगी। यात्रा के दौरान नाश्ता-भोजन की व्यवस्था नि:शुल्क रहेगी।









