गणपति बप्पा की आकर्षक प्रतिमाएं बनाने में जुटे कलाकार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गणेश चतुर्थी में अभी समय है, लेकिन शहर में भगवान गणेश की प्रतिमाएं बनाने का कार्य तेज़ी से शुरू हो गया है। मूर्तिकार विभिन्न आकार, डिज़ाइन और रंग-रूप की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। कार्यशालाओं में चौकी पर विराजमान गणेश, पारंपरिक स्वरूप, आधुनिक थीम और इको-फ्रेंडली मिट्टी से बनी प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं।
मूलत: राजस्थान के रहने वाले मूर्तिकार दुर्गेश राठौर, 1992 से शहर में रहकर प्रतिमा तैयार कर रहे हैं। उनकी कार्यशाला में 3 से लेकर 8.5 फीट तक की गणेश प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। अधिकतर मूर्तियां बुकिंग पर बनाई जा रही हैं। कीमत के आधार पर मूर्ति का आकार व स्वरूप निर्धारित किया जाता है श्रद्धालुओं की मांग के अनुसार मिट्टी, पीओपी और मॉडल मिट्टी से विभिन्न आकार की प्रतिमाएं बनाई जा रही हैं। प्रतिमाओं की कीमत इनकी ऊंचाई, डिजाइन और निर्माण सामग्री के अनुसार तय होती है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी आकर्षक और कलात्मक प्रतिमाओं की मांग अच्छी रहने की उम्मीद है। मूर्तिकारों का कहना है कि अभी से तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं ताकि गणेश चतुर्थी से पहले सभी प्रतिमाएं समय पर तैयार होकर श्रद्धालुओं तक पहुंच सकें। आने वाले दिनों में ऑर्डर बढऩे के साथ कार्यशालाओं में काम और तेज़ होने की संभावना है।









