इंस्टाग्राम पर आठ माह पहले दोस्ती शादी के दो माह बाद लगा ली फांसी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद शादी करने वाली युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक अन्य घटना में बीए की छात्रा ने भी फांसी लगाकर जान दी। गुरुवार को हुए दोनों मामलों में पुलिस ने शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया।
सलोनी पति पीयूष (18) निवासी नरवर ने घर की दूसरी मंजिल पर साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या की। उसके सास-ससुर इलाज के लिये देवास गए थे। घर में मौजूद जेठ के बेटे पीयूष ने सलोनी को फंदे पर लटका देखा और परिजन को सूचना दी। परिजनों के मुताबिक सलोनी और पीयूष की 8 माह पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। दो माह पहले उन्होंने कोर्ट में शादी कर ली। सलोनी का मायका भौंरासा में है। उसके माता पिता को इसकी सूचना दी गई लेकिन उन्होंने आने से इंकार कर दिया।
छात्रा ने भी फांसी लगाई
एक अन्य घटना में सपना पिता मनीराम शाक्य (21) निवासी मालनवासा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता मजदूरी करते हैं। गुरुवार दोपहर 2 बजे वह भोजन के लिए घर आए तो बेटी को फंदे पर लटके देखा। सपना बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। उसके 6 छोटे भाई-बहन हैं।









