बेगमबाग : 6 पोकलेन ने तोड़े 15 मकान, अब तक 87 टूटे

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने शनिवार सुबह बेगमबाग के 15 और मकानों को तोडऩे की कार्रवाई की है। पहले 72 मकान यहां तोड़े जा चुके हैं।शनिवार की कार्रवाई के बाद अब तक 87 मकान यहां से तोड़े जा चुके हैं।
सुबह 7 बजे से ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर निगम और यूडीए के अमला मौके पर पहुंच चुका था। तोडफ़ोड़ की कार्रवाई जल्दी पूरा करने के लिए एकसाथ 6 पोकलेन को काम पर लगाया था। इसके अलावा जेसीबी भी मदद कर रही थी। यूडीए सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि यहां पर कुल 106 प्लॉट की लीज निरस्त हुई है। इन प्लॉट पर बने 72 मकान पहले तोड़े जा चुके हैं। शनिवार को 15 और तोड़े गए।
महाकाल मंदिर की राह आसान करने की मुहिम
यह मकान यूडीए की जमीन पर बने हैं। यूडीए ने इन्हें आवासीय उपयोग के लिए लीज पर दिया था। लीज समाप्त हो चुकी है और लोगों ने रिन्यू नहीं करवाई। इसका कमर्शियल उपयोग भी शुरू कर दिया है। यूडीए ने लीज निरस्त कर जगह अपने कब्जे में लेना शुरू कर दी है। यह महाकाल मंदिर जाने वाला प्रमुख मार्ग है इस कारण इसे चौड़ा किया जा रहा है ताकि सिंहस्थ के पहले मंदिर की राह सुविधाजनक हो सके।









