ट्रैक्टर से टकराई बाइक, युवक की मौत

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर से गांव लौट रहे दो युवकों की बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त गंभीर घायल है। भैरवगढ पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है।
गोयला बुजुर्ग का रहने वाला श्रवण पिता भंवरलाल (२५) गुरुवार को अपने दोस्त श्रवण पिता हाकम सिंह के साथ बाइक से उज्जैन आया था। रात करीब 8 बजे दोनों गांव लौट रहे थे। गोयला बुजुर्ग के पहले अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली से इनकी बाइक टकरा गई। हादसे में श्रवण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका दोस्त बुरी तरह घायल हो गया। उसे परिजन ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। श्रवण के परिजन प्रकाश ने बताया कि उनका भतीजा इकलौता पुत्र था। उसकी शादी हो चुकी है। पति-पत्नी दोनों मजदूरी करते थे।
दो तस्करों से 800 ग्राम गांजा जब्त
उज्जैन। दो तस्करों से पुलिस ने 800 ग्राम से अधिक गांजा बरामद किया है। इनके खिलाफ एनडीपीएस के तहत कार्रवाई की।
झारडा पुलिस ने बताया कि उज्जैन-गरोठ रोड के अंडर ब्रिज के पास बमनई रोड से कृपाल सिंह को पकड़ा गया। उससे 637 ग्राम गांजा जब्त किया। इसी प्रकार तराना पुलिस ने बीएसएनएल टॉवर के पास से एक तस्कर से 240 ग्राम गांजा जब्त किया।
इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर कारों की भिडंत, महिला घायल
उज्जैन। इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर सिग्नल के पास दो कारों की भिडंत में एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि लालपुर के रहने वाले विकास यादव गुरुवार दोपहर कार से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा से गुजर रहे थे। सिग्नल के पास सामने से आ रहे कार चालक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। दुर्घटना में विकास की पत्नी किरण घायल हो गईं। इसी मामले में राजेंद्रनगर के रहने वाले आदर्श यादव ने विकास यादव के खिलाफ लापरवाही से कार चलाने का प्रकरण दर्ज कराया है। नानाखेड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है।









