गल्र्स स्कूलों को दाऊदखेड़ी शिफ्ट करने के विरोध में कलेक्टर कार्यालय घेरा

10 स्कूलों की 2,698 छात्राओं के भविष्य का सवाल, रैली निकाल एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सरकारी गल्र्स स्कूलों को शहर से दूर दाऊदखेड़ी शिफ्ट करने के प्रशासनिक प्रस्ताव के खिलाफ छात्राएं, अभिभावक और शिक्षक पूरी तरह लामबंद हो गए हैं। मंगलवार को स्कूल बचाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने पैदल रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और एसडीएम एलएन गर्ग को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शहर के विभिन्न इलाकों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 2,698 छात्राएं इन 10 विद्यालयों में पढऩे आती हैं। यदि स्कूलों को दाऊदखेड़ी शिफ्ट किया गया, तो छात्राओं को रोजाना कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे उनकी पढ़ाई, समय और सबसे बढ़कर सुरक्षा पर सीधा असर पड़ेगा।
स्कूल बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने कहा इस जनविरोधी फैसले का विरोध अप्रैल महीने से लगातार किया जा रहा है। छात्राओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। एसडीएम एल.एन. गर्ग ने आश्वासन दिया कि सभी आपत्तियों को जिला प्रशासन के समक्ष रख दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकर सभी व्यावहारिक और कानूनी पहलुओं का गहराई से परीक्षण किया जाएगा।









