निजातपुरा मेंं नलों से आया गंदा पानी भड़के लोग तो खोदी सड़क, काम शुरू

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। निजातपुरा में नलों से गंदा पानी आने की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा सोमवार को फट पड़ा। सुबह-सुबह ही शीतला माता मंदिर के सामने लोग एकत्र हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसका नतीजा यह निकला कि नगरनिगम की टीम ने ताबड़तोड़ काम शुरू करवा दिया।
दरअसल, निजातपुरा क्षेत्र में गंदा पानी आने की समस्या लंबे समय से चल रही है। इसकी वजह पीएचई कनेक्शन ठीक तरीके से नहीं होना है। सड़क चौड़ीकरण में यहां जमकर तोडफ़ोड की गई और इस वजह से पाइपलाइन भी फूटी। ताबड़तोड़ चले काम में कनेक्शन जोडऩे में खामियंा रह गई और कई कनेक्शन सीवरेज के पास से ही जोड़ दिए गए। अब जलप्रदाय के समय कई घरों में पानी के साथ गंदगी भी आ रही है। शुरुआत में करीब 10 मिनट तक गंदा पानी प्रदाय हो रहा है।
रोज-रोज की समस्या जब हल नहीं हुई तो सोमवार को लोगों ने तिवारी नर्सिंग होम्स के पास स्थित शीतलामाता मंदिर के पास प्रदर्शन किया। समस्या की जानकारी जब एडिशनल कमिश्नर पवनसिंह को मिली तो वे मौके पर पहुंचे और लोगों से चर्चा की। इसके बाद खुदाई कर काम शुरू करवाया गया।
सिंह ने बताया कि कुछ कनेक्शन में दिक्कत आ रही है। खुदाई करवाकर चैकिंग करवा रहे हैं। इधर नगरनिगम की जलकार्य समिति के प्रभारी प्रकाश शर्मा ने बताया कि इंजीनियरों की कमी से विभाग का काम प्रभावित हो रहा है। रोजाना ही कहीं ना कहीं से समस्या आ रही है।









