पत्नी से विवाद, पति ने खुद को ब्लेड मारी

उज्जैन। पत्नी से विवाद के बाद बीती रात पति ने ब्लेड मारकर खुद को घायल कर लिया जिसे परिजन तत्काल चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल का नाम नदीम पिता अल्ताफ खान निवासी एकतानगर, आगर नाका है। बीती रात नशे में उसका पत्नी अंजुम के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था जिसके बाद नदीम ने ब्लेड मारकर खुद को घायल कर लिया। उसका साढू भाई असलम खान उसे लेकर चरक अस्पताल पहुंचा जहां से नशा उतरने पर रात में ही नदीम घर आ गया। असलम ने बताया नदीम अक्सर नशे में विवाद करता है।

युवक को टक्कर मारी
उज्जैन। इंदौर रोड स्थित डी मार्ट के सामने युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसे पैर और अन्य जगह चोट लगी। उसे तत्काल चरक अस्पताल लाया गया। घायल का नाम शुभम पिता बाबूलाल मालवीय (२६) निवासी कुष्ठ बस्ती, फ्रीगंज ओवरब्रिज के नीचे है। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह अज्ञात वाहन ने उसे डी मार्ट के सामने टक्कर मार दी।
मिस्त्री को कार ने मारी टक्कर, हाथ फ्रैक्चर
उज्जैन। महू से काम कर लौट रहे मिस्त्री को कार ने पीछे से टक्कर मार दी जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना सांवेर के समीप हुई जिसे पहले सांवेर और फिर वहां से चरक अस्पताल लाया गया। दरअसल, लक्ष्मण पिता पप्पूलाल राठौर (३५) निवासी शंकरपुर, पंवासा है। वह मिस्त्री का काम करता है और शनिवार शाम करीब ४ बजे काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। सांवेर के समीप पहुंचते ही लक्ष्मण को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह बाइक से उछलकर दूर जा गिरा। उसे तत्काल सांवेर के अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद चरक अस्पताल लाया गया। उसके हाथ में फ्रैक्चर है।









