साइबर ठगी : मछली व्यापारी के 4.90 लाख वापस दिलवाए

5 लाख रुपए की साइबर ठगी में जीवाजीगंज पुलिस की कार्रवाई
उज्जैन। एक साइबर ठग ने उज्जैन के एक मछली व्यापारी से 5 लाख रुपए ठग लिए। व्यापारी ने तत्काल इसकी सूचना साइबर सेल को दी। सेल की मदद से 4.90 लाख रुपए की राशि होल्ड करवा ली गई। अब आरोपी का पता लगाया जा रहा है।
दरअसल, 42 अंकपात मार्ग के निवासी 54 वर्षीय कैलाश लश्करी पिता बालाप्रसाद लश्करी मछली व्यापारी हैं। कुछ दिन पहले उनका संपर्क आंध्रप्रदेश की बंगाल टाइगर कंपनी के राकेश कुमार से व्हाट्सएप के जरिये हुआ था। उसने उनके साथ मछली का व्यवसाय करने की इच्छा जताई थी। इस संबंध में उसने व्यापार से संबंधित कुछ दस्तावेज ऑनलाइन भेजे थे। इन पर भरोसा जताते हुए लश्करी ने आरोपी के एक्सिस बैंक खाते में आरटीजीएस के जरिये 5 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए थे।
फोन बंद तो हुआ शक खाते में राशि ट्रासंफर होने के बाद आरोपी ने कैलाश लश्करी का फोन उठाना बंद कर दिया था। ऐसे में उन्हें अपने साथ ठगी का अंदेशा हुआ तो उन्होंने तत्काल जीवाजीगंज थाने में आवेदन दिया। यहां से साइबर सेल की मदद से राशि होल्ड कराई गई।
पुलिस एक्शन से बची शेष राशि
पुलिस के त्वरित एक्शन से आरोपी के बैंक खाते में मौजूद राशि को होल्ड करवा लिया गया। इसी तरह इस खाते से अन्य खाते में ट्रांसफर की गई 4. 48 लाख रुपए की राशि भी रुकवा ली गई।
कोर्ट के आदेश से फरियादी को सौंपी राशि
पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए कोर्ट में राशि प्राप्त करने का आवेदन दिया। कोर्ट के आदेश पर यह राशि फरियादी के खाते में ट्रांसफर करवा ली गई।
सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड को देखते हुए सजग रहने की अपील की है।
ऑनलाइन व्यापार, निवेश, खरीद-बिक्री, लेन-देन में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा भेजे दस्तावेजों एवं बैंक खातों पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें।
साइबर ठगी होने पर समय न गंवाते हुए तत्काल साइबर पोर्टल/साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। संबंधित थाना पुलिस को सूचना दें।









