KYC कराने के बहाने ऑनलाइन ठगी, वृद्धा के खाते से उड़ाए इतने रूपए

उज्जैन। दुर्गा कॉलोनी में रहने वाली एक वृद्धा से केवायसी अपडेट का झांसा देकर 47 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई। इसकी रिपोर्ट चिमनगंज थाने में दर्ज कराई गई।
पुलिस ने बताया कि दुर्गा कॉलोनी की मीनाक्षी खन्ना (64) के मोबाइल पर अनजान व्यक्ति का कॉल आया था। सामने वाले ने स्वयं को यूको बैंक का अधिकारी बताया और कहा कि आपकी केवायसी अपडेट करना है अन्यथा खाता बंद हो जायेगा। मीनाक्षी खन्ना उसकी बातों में उलझ गई। प्रोसेस के दौरान मोबाइल पर ओटीपी आया, जिसे उन्होंने सामने वाले को बता दिया।
कुछ देर बाद उनके खाते से 22 हजार रुपए कट गए। दोबारा कॉल आने पर उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने तब सामने वाले से कहा मैं आपकी धोखाधड़ी समझ गईं हूं और बैंक आकर जानकारी दूंगी, लेकिन कुछ ही देर में उनके खाते से रुपए निकल गए। उन्होंने सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की है।









