अहिंसा के पुजारी को नमन करने उतरा शहर

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री को जयंती पर याद किया
झाडू लगाकर सांसद, महापौर, विधायक और निगम सभापति ने दिया स्वच्छता का संदेश
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री को शुक्रवार को शहर ने याद किया। अहिंसा के पुजारी को नमन करने के लिए झाडू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस मौके पर रैली निकली, प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए, रामधुन और भजन गाए गए। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कांग्रेस-भाजपा ने जयंती मनाई।
जयंती कार्यक्रम का आगाज कांग्रेस सेवादल ने शहीद पार्क से किया। हर साल की तरह सेवादल की रैली शहीद पार्क से शुरू हुई। खादी के श्वेत वस्त्र पहने सेवादल कार्यकर्ता अनुशासित रैली के रूप में क्षीरसागर स्थित गांधी उद्यान पहुंचे। यहां बापू की प्रतिमा पर माल्यापणर्् किया गया और फिर उनके प्रसिद्ध भजन रघुपति राघव राजा राम, वैष्णव जन ते कहिए पीर पराई जाने रे गाया । कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश परमार, शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी, नगरनिगम में नेता प्रतिपक्ष रविराय, कामरेड महेश सोनी सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सेवादल कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी अमर रहे के नारे भी लगाए गए। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री को भी याद किया गया।
भाजपा ने कमल तालाब के आसपास की सफाई
भाजपा ने गांधी जंयती पर सफाई कार्यक्रम आयोजित किया। कमल तालाब के आसपास स्वच्छता अभियान चलाने का आव्हान महापौर मुकेश टटवाल ने किया था और इसमें करीब-करीब नगर भाजपा एक साथ दिखाई दी। सांसद अनिल फिरोजिया, महापौर मुकेश टटवाल, , विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, निगम सभापति कलावती यादव, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री जगदीश पांचाल सहित कार्यकर्ताओं ने झाडू लगाई। अच्छी बात रही कि यह अभियान प्रतीकात्मक नहीं रहा। नेतानगरी ईमानदारी से सफाई करते दिखें।
रेलवे स्टेशन पर भी चला सफाई अभियान
रेलवे ने भी गांधी जयंती परे रेलवे स्टेशन पर विशेष सफाई अभियान चलाया। सुबह ९ बजे शुरू हुए इस अभियान में सांसद, महापौर, विधायक, निगम सभापति, भाजपा अध्यक्ष, महामंत्री के साथ सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने भी मौजूदगी दर्ज कराई। झाडू बुहारने के बाद सभी ने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने की शपथ ली।
अकोदिया ने बनाया दाल-चावल से बापू का पोट्र्रेट
कलाकार रवि अकोदिया ने बापू को कुछ अलग अंदाज में याद किया। उन्होंने अनाज से बापू का पोट्र्रेट बनाया। बैंककर्मी अकोदिया पिछले १० साल से जंयती पर बापू की अलग-अलग तरीके से तस्वीर बनाते हैं। इस बार उन्होंने खाद्य सामग्री से बापू का चित्र तैयार किया। इसे बनाने में उन्हें करीब ५ घंटे से ज्यादा का समय लगा। कलाकृति बनाने में अलग-अलग तरह का करीब १.५ किलो अनाज (गेहूं, चावल, मूंग, तुवर, मसूर दाल आदि)लगा।









