Popup Image
Advertisement

अब भूमिपूजन के साथ ही एयरपोर्ट को मिलेगी उड़ान

देशभर से महाकाल के दर्शन करने आने वालों को मिलेगी सुविधा, जल्द होगा भूमिपूजन

Advertisement

150 एकड़ जमीन पर शुरू होगा काम बाउंड्रीवॉल से होगी शुरुआत

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। महाकाल नगरी उज्जैन को जल्द ही हवाई कनेक्टिविटी की सौगात मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। सिंहस्थ-2028 से पहले शहर में एयरपोर्ट विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

Advertisement

फिलहाल दताना हवाई पट्टी के आसपास उपलब्ध 150 एकड़ जमीन पर शुरुआती काम कराने की योजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में परियोजना का भूमिपूजन कराने की तैयारी है। भूमिपूजन की तारीख तय होना बाकी है। बाउंड्रीवॉल निर्माण के साथ काम शुरू किया जाएगा।

एयरपोर्ट बनने से उज्जैन देश के प्रमुख शहरों से हवाई मार्ग के जरिए जुड़ सकेगा। इससे महाकाल दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। खासकर सिंहस्थ-2028 के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने में यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Advertisement

प्रशासन ने उज्जैन में करीब 450 एकड़ भूमि पर एयरपोर्ट विकसित करने की योजना तैयार की है। पहले चरण में दताना हवाई पट्टी के आसपास 150 एकड़ जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है। शेष 300 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी रहेगी। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के अनुसार, एयरपोर्ट के लिए भूमिपूजन की तैयारी की जा रही है। शुरुआत बाउंड्रीवॉल निर्माण से होगी। इसके साथ ही शेष भूमि के अधिग्रहण की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

उज्जैन एयरपोर्ट परियोजना के लिए मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल 590 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत कर चुका है। सरकार का लक्ष्य सिंहस्थ-2028 से पहले एयरपोर्ट को क्रियाशील बनाना है। परियोजना के तहत टर्मिनल भवन के विकास, आधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) व्यवस्था, अग्निशमन केंद्र और यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। हालांकि, एयरपोर्ट की वास्तविक क्षमता, उड़ानों का संचालन और निर्माण के विभिन्न चरणों की समयसीमा संबंधित विभागों की आगे की कार्ययोजना पर निर्भर करेगी।

पर्यटन को बढ़ावा

एयरपोर्ट शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ कारोबार, होटल उद्योग, परिवहन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके अलावा आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों और महत्वपूर्ण व्यक्तियों की आवाजाही के लिए भी हवाई सुविधा उपयोगी हो सकती है।

बाउंड्रीवॉल से काम

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि उज्जैन एयरपोर्ट विकसित करने के लिए भूमिपूजन की तैयारी की जा रही है। बाउंड्रीवॉल निर्माण के साथ काम शुरू किया जाएगा। शेष जमीन के अधिग्रहण की कार्रवाई भी जारी है। उम्मीद है जल्द ही भूमिपूजन शुरू होगा।

सिंहस्थ में श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा

सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में एयरपोर्ट विकसित होने से हवाई यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उज्जैन पहुंचने में सुविधा मिल सकती है। वर्तमान में हवाई यात्रा के लिए दूसरे शहरों के एयरपोर्ट पर निर्भर रहना पड़ता है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें