उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन पर बिना रुके ही कट जाएगा टैक्स
दो साल से पहले सिक्स लेन बनकर हो गया तैयार, राष्ट्रपति ने किया था भूमिपूजन, अब जल्द शुभारंभ

महामृत्युंजय गेट के पास बने ब्रिज की इंदौर भुजा भी हुई चालू
एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट टोल टैक्स बूथ बनाने की योजना पर काम
अक्षरविश्व न्यूज
उज्जैन। उज्जैन से इंदौर तक सिक्स लेन पर अब गाडिय़ां सरपट दौडऩे लगी हैं। जल्द ही इसका विधिवत लोकार्पण भी करने की तैयारी शुरू हो गई है, लेकिन इसके बाद लोगों की जेब भी हल्की होगी क्योंकि सिक्स लेन के हिसाब से टोल टैक्स देना पड़ेगा। अभी नई दर सामने नहीं आई है परंतु जल्द ही इसका निर्धारण हो जाएगा। टोल नाका भी एक ही जगह निनोरा में रहेगा, जहां गाडिय़ों का बिना रुके टोल कट जाएगा।
अगले माह नए सिक्स लेन का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में होगा। इसके लिए तारीख निर्धारित करने की कवायद भी की जा रही है। तारीख तय होते ही विधिवत शुभारंभ कर दिया जाएगा। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने इसका भूमिपूजन 19 सितंबर 2024 को किया था और आधिकारिक रूप से 15 जनवरी 2025 से काम शुरू किया गया था।
इस हिसाब से रोड का काम 2 साल से पहले शुरू होने जा रहा है। शुभारंभ के साथ ही इस पर टोल राशि भी ज्यादा देनी पड़ेगी। एमपीआरडीसी अधिकारियों के अनुसार अब सिक्स लेन के मानदंड के अनुसार ही टोल राशि तय की जाएगी जो वर्तमान दर से अधिक होगी। राहत की बात यह होगी कि टोल एक ही जगह निनोरा में देना पड़ेगा। इंदौर सीमा में बारोली स्थित टोल बंद खत्म हो जाएगा। इसके लिए निनोरा में नया टोल बनाने की भी तैयारी शुरू हो गई है।
निनोरा में एक ही जगह होगा टोल बूथ
निनोरा में सिक्स लेन का केवल एक ही टोल बूथ होगा। एमपीआरडीसी इसे एटीएमएस बनाने की कोशिश कर रहा। एटीएमएस यानी एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट टोल टैक्स। हाइवे सुरक्षा के मामले में इसे एटीएमएस कहा जाता है। यह एक आधुनिक एआई (एआई) और कैमरों पर आधारित सिस्टम है। इस सिस्टम में हाईवे पर हाई-टेक एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे और सेंसर लगाए जाते हैं। इससे जब गाड़ी हाईवे से गुजरती है, तो कैमरे नंबर प्लेट और फ़ास्टैग को स्कैन कर लेते हैं और गाड़ी को बिना रोके टोल काट लेते हैं। यदि कोई वाहन ओवरस्पीडिंग (तय गति से तेज़ चलना), गलत लेन में गाड़ी चलाना या बिना सीट बेल्ट के पाया जाता है, तो यह सिस्टम ऑटोमैटिक उसका चालान भी जनरेट कर देता है।
लवकुश चौराहे तक 30 मिनट से कम समय में पहुंच रही गाडिय़ां उज्जैन से इंदौर के लवकुश चौराहा तक गाडिय़ां अब 30 मिनट या उससे भी कम समय में पहुंच रहीं। इंदौर में लवकुश ब्रिज की एक भुजा चालू होने से इंदौर का सफर तेज रफ्तार से हो रहा। इससे सिंहस्थ में उज्जैन आने वाले लोगों को तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का एक अलग अनुभव होगा।
एटीएमएस टोल बूथ की योजना है
सिक्स लेन पूरा होने के बाद टोल भी उसी के अनुसार लगेगा। टोल बूथ एक ही रहेगा, जो निनोरा में ही रहेगा जहां एटीएमएस प्लान है। बूथ का काम भी शुरू हो गया है। रोड का काम फिनिशिंग में चल रहा है।
गगन भावर, संभागीय प्रबंधक एमपीआरडीसी, इंदौर









