पिता की मारपीट से तंग आकर बेटे ने लगाई थी फांसी, प्रकरण दर्ज

उज्जैन। बडऩगर थाना क्षेत्र के ग्राम असावता में रहने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले। जांच के बाद बुधवार शाम पुलिस ने मृतक के पिता के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि पिता की मारपीट से तंग आकर उसने फांसी लगाई थी।

घटना 8-9 नवंबर की दरमियानी रात की है। बडऩगर के ग्राम असावता के रहने वाले कैलाश पिता भारतलाल गारी (30) ने देर रात करीब 12 बजे बकरी बांधने के ढालिए में फांसी लगा ली थी। सूचना पर बडऩगर पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें बॉडी पर चोट के निशान मिले थे। उस वक्त परिजनों से पूछताछ करने पर मां राजूबाई ने बताया था कि कैलाश शराब पीकर आया था जिसके बाद पिता और भाई से उसका झगड़ा हुआ था। इसके बाद कैलाश चला गया था, रात 12 बजे जब वह बकरी बांधने के ढालिए में पहुंची तो वह फंदे पर लटक रहा था।
शरीर पर मिली चोट के बाद मामला संदिग्ध हो गया था जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि पिता भारतलाल पिता काशीराम गारी की मारपीट से तंग आकर उसने फांसी लगा ली थी। बुधवार शाम को पिता के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।
शराब पीने का आदी था मृतक
परिजनों के मुताबिक मृतक कैलाश शराब पीने का आदी था। उसकी शादी हो चुकी थी लेकिन पत्नी छोड़कर चली गई। कैलाश माता-पिता और भाई के साथ ही रहता था। शराब पीने की आदत के कारण घटना वाली रात पिता से कैलाश का विवाद हुआ था जिसके बाद उसने फांसी लगा ली। टीआई अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि आरोपी पिता को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









