महिला सखियों को मेहंदी का विशेष प्रशिक्षण दिया

उज्जैन घूमने आने वाली महिलाओं के हाथों में बनाएंगे पर्यटन स्थल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कार्ड द्वारा 20 महिला सखियों को मेहंदी का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अब यह महिला पर्यटन सखियां उज्जैन आने वाली महिला पर्यटकों के हाथों में पसंद के मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल बनाएंगी।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड भोपाल की परियोजना ‘महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल’, संस्था सेंटर फॉर एडवांस्ड रिसर्च एण्ड डेवलपमेंट कार्ड द्वारा उज्जैन में संचालित की जा रही है। जिसका उद्देश्य उज्जैन में आने वाले पर्यटकों विशेष कर महिला पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण देना है।
परियोजना समन्वयक अमृता चतुर्वेदी ने बताया कि इसी के अंतर्गत कार्ड संस्था द्वारा कई तरह की ट्रेनिंग करवाई गई हैं जिसमें से एक मेंहदी आर्टिस्ट भी है। इसकी मुख्य विशेषता यह है कि इसमें महिलाओं को मेंहदी के द्वारा मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों को हाथों पर बनाना सिखाया गया। अब यह 20 पर्यटन सखियां उज्जैन के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल हाथों पर बनाएंगी ताकि वो उन्हें एक यादगार के रूप में अपने साथ ले जाएं। ये सभी पर्यटन सखियां स्वरोजगार तथा आत्मनिर्भरता का नया उदाहरण बनेंगी।









