तलवार लेकर युवतियों ने किया कला का प्रदर्शन

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना व जिला कलरीपयट्टू संघ लड़कियों को सीखा रहा आत्मरक्षा के गुर

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। स्पोर्ट्स एरिना मैदान पर श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना व जिला कलरीपयट्टू संघ ने कलरीपयट्टू मार्शल आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया।
मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला, विशेष अतिथि अखिल भारतीय ग्राम विकास सहसंयोजक शंभू प्रसाद गिरी, करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रतापसिंह चौहान, डॉ. सपना बूंदीवाल थे। करीब ७ स्कूल के 1000 बच्चों ने प्रशिक्षण लिया। यह प्रशिक्षण खास कर युवा बच्चियों को मजबूत करने के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें सभी के हाथों में तलवार देकर उन्हें प्रशिक्षण किया। सभी प्रशिक्षित युवतियों ने अपनी कला का प्रदर्शन भी दिखाया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को मजबूत बनाना: चौहान- प्रदेशध्यक्ष चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को मजबूत बनाना है। आए दिन अकेले बाजार जाती युवतियां कई बार और सामाजिक तत्वों का शिकार बन जाती है। खासकर महिलाओं को प्रतियोगिता में प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाने का काम श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना द्वारा किया जा रहा है।
जिला कलरीपयट्टू संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. अविनाश बुंदीवाल ने बताया कि आत्मरक्षा शिविर के समापन पर उज्जैन एवं आसपास के 8 स्कूलों एवं सेवाभारती द्वारा संचालित कन्या छात्रावास की लड़कियों ने आत्मरक्षा शिविर में हिस्सा लिया। संघ द्वारा वर्ष में १० हजार लड़कियों को आत्मरक्षा का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके प्रथम चरण में लगभग एक हजार लड़कियों का शिविर संपन्न हुआ। जानकारी सचिव विशाल सिंह ने दी।









