महाराष्ट्र की युवती के साथ गेस्ट हाउस संचालक ने किया दुष्कर्म

गेस्ट हाउस सील, संचालक के साथ मालिक पर भी केस दर्ज

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकाल मंदिर क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में भोपाल में रहकर पढ़ाई कर रही महाराष्ट्र की युवती के साथ गेस्ट हाउस संचालक ने दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि उसने हिंदू नाम बताकर युवती से दोस्ती की थी जिसकी जानकारी युवती को भी नहीं थी। महाकाल थाना पुलिस ने रिकॉर्ड छुपाने और नियमों का पालन नहीं करने के चलते गेस्ट हाउस को सील कर दिया है और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने होटल मालिक मो. इरफान पर भी प्रकरण दर्ज किया है।
दरअसल, महाकाल पुलिस को हिंदू जागरण मंच ने कोट मोहल्ला क्षेत्र की गली नंबर 7 स्थित न्यू परी पैलेस गेस्ट हाउस में युवती और अन्य समुदाय के युवक के होने की जानकारी दी थी जिसके बाद पुलिस ने वहां छापा मारा। यहां भोपाल में एमबीए की पढ़ाई कर रही युवती 4 दिनों से ठहरी मिली जिसके साथ गेस्ट हाउस संचालक ने दुष्कर्म किया। पुलिस के आने की भनक लगते ही वह कमरे के वेंटिलेशन से भाग निकला। फरार होने के बाद पुलिस और संगठन ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद पास की एक होटल में आरोपी बाथरूम में छिपा मिला। यहां पहुंचकर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई कर दी। इधर, आरोपी को पुलिस थाने ले गई और उसके गिरफ्तार करते हुए दुष्कर्म का केस दर्ज किया।
एक साल पहले हुई थी पहचान
महाकाल पुलिस ने बताया युवती मूलत: महाराष्ट्र की रहने वाली है और भोपाल रहकर एमबीए कर रही है। वह करीब एक साल पहले महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आई थी और न्यू परी पैलेस गेस्ट हाउस में रुकी थी। यहीं उसकी पहचान समीर उर्फ सैम नायक निवासी सारंगपुर (राजगढ़) से हुई। समीर गेस्ट हाउस को किराए पर लेकर चलाता है। इसी बीच उसने युवती से नंबर ले लिया और बातचीत शुरू की और कई बार भोपाल भी गया था। 23 नवंबर को युवती फिर अपने दोस्तों के साथ महाकाल दर्शन करने आई थी और न्यू परी पैलेस गेस्ट हाउस में रुकी। जहां 24 नवंबर को समीर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दर्शन के बाद दोस्त वापस चले गए थे।
गेस्ट हाउस को सील किया
आरोपी ने युवती के ठहरने का रिकॉर्ड ना तो पुलिस को भेजा और ना ही होटल के रजिस्टर में दर्ज किया। नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने गेस्ट हाउस को सील कर दिया। टीआई गगन बादल ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर दुष्कर्म का केस दर्ज करते हुए आरोपी समीर नायक को गिरफ्तार कर लिया है। उसका नाम फर्जी है या नहीं, इसका पता लगाया जा रहा है। साथ ही होटल मालिक मो. इरफान निवासी कोट मोहल्ला को आरोपी बनाते हुए उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है।









