Advertisement

खराब मौसम से नहीं उड़ा हेलिकॉप्टर, सीएम ने मुआयना कर किया समय का सदुपयोग

उज्जैन में सीएम : वीर संग्रहालय, रेप्टाइल पार्क और विक्रम उद्योगपुरी के देखें काम

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूजउज्जैन। सावन के पहले दिन शहर का मौसम खराब हुआ तो घर पर अपना टाइम काटने के बजाय सीएम डॉ. मोहन यादव ने इसका उपयोग मुआयने में कर लिया। करीब तीन घंटे के दौरे में उन्होंने वीर संग्रहालय देखा, रेप्टाइल पार्क गए और विक्रम उद्योगपुरी का मुआयना किया। दोपहर करीब २ बजे मौसम साफ हुआ तो हेलिकॉप्टर ने इंदौर के लिए उड़ान भरी। यहां से वे दिल्ली चले गए।

दरअसल, सीएम डॉ. मोहन यादव को गुरुवार सुबह इंदौर निकलना था। बुधवार को वह देर रात तक गुरुपूर्णिमा के कार्यक्रम में शामिल होते रहे। उज्जैन से उन्हें सुबह १० बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन इस समय मौसम अचानक खराब हो गया। दो दिन से जारी बारिश के कारण विजिबिलिटी कम थी और ऐसे में हेलिकॉप्टर के उड़ान भरने की संभावना कम हो गई। तब सीएम ने शहर में चल रहे काम देखने का फैसला किया। इसकी शुरुआत उन्होंने कोठी पैलेस में बन रहे वीर संग्रहालय से की।

Advertisement

सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा को दें प्राथमिकता

सीएम डॉ. मोहन यादव ने सावन मास में श्रद्धालुओं को सहज, सुलभ और सुरक्षित दर्शन कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। सीएम ने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत नहीं हो। उनके लिए समुचित व्यवस्थाए बनाएं।

Advertisement

समय पर पूरा हो जीर्णोद्धार: सीएम डॉ. यादव

निर्माणाधीन वीर भारत संग्रहालय का मुआयना करते हुए सीएम ने श्रमिकों व कारीगरों से बातचीत की और उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने रिनोवेशन में पुरानी एवं पारंपरिक निर्माण पद्धतियों का उपयोग करने पर जोर दिया। ताकि इमारत की मौलिकता बनी रहे। उन्होंने गुणवत्ता से कोई भी समझौता नहीं करने पर जोर दिया। वीर भारत संग्रहालय का निर्माण और कोठी पैलेस का जीर्णोद्वार उज्जैन स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत हो रहा है। कंपनी की अधिकारी श्रीमती संगीता बैस ने काम की प्रगति की जानकारी दी। सीएम ने उनसे कहा कि भवन के ऐतिहासिक और पारंपरिक ढांचे में कोई बदलाव नहीं किया जाए और भवन का मूल स्वरूप, भव्यता और ऐतिहासिक पहचान पूरी तरह सुरक्षित रहनी चाहिए।

लैंडस्केपिंग व आधुनिक पार्किंग

संग्रहालय के पहले फेस का काम प्रगति पर है। इसके पूरा होने के बाद फेस-2 शुरू होगा। पुराने आर्किटेक्चर को रिवाइव करने के साथ-साथ इंटीरियर डिजाइनिंग, परिसर का आसपास लैंडस्केपिंग, साइट डेवलपमेंट और सुव्यवस्थित पार्किंग बनेगी। नवंबर तक पहला फेस पूरा जाएगा।

औद्योगिक क्षेत्र: स्थानीय किसानों एवं ग्रामीणों को रोजगार में दें प्राथमिकता

रेप्टाइल पार्क का मुआयना कर सीएम विक्रमनगर उद्योगपुरी पहुंचे और औद्योगिक विकास एवं निवेश परियोजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अफसरों से कहा औद्योगिक क्षेत्र में लगने वाले उद्योगों में किसानों एवं ग्रामीणों को प्राथमिकता से रोजगार दिलवाया जाए, ताकि किसानों की आय बढ़ सके ।एमपीआईडीसी के ईडी राजेश राठौड़ ने सीएम को औद्योगिक परियोजनाओं, औद्योगिक अधोसंरचना विकास, भूमि आवंटन तथा निवेश की जानकारी दी। सीएम ने पेप्सिको इंडिया लिमिटेड की फूड यूनिट का मुआयना भी किया। 1,266 करोड़ रुपए की इस यूनिट से 800 प्रत्यक्ष और करीब २ हजार अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा हुए हैं।

हॉस्टल का निर्माण भी देखा

सीएम ने 50.05 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निरीक्षण भी किया। यह आधुनिक आवासीय परिसर औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाली 1,500 महिलाओं को सुरक्षित, सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराएगा। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में उज्जैन जिले में 246 नई औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित की गई है। इससे 16,150 करोड़ रुपए के निवेश तथा 14,500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार की संभावना है। 773 एकड़ क्षेत्र में विकसित विक्रम उद्योगपुरी में अब तक 94 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं, जिनसे लगभग 6,480 करोड़ रुपए का निवेश आएगा। 360 एकड़ में विकसित मेडिकल डिवाइस पार्क में 74 औद्योगिक इकाइयों को भूमि दी जा चुकी है। मांग को देखते हुए 488 हेक्टेयर भूमि पर फेज-2 विकसित किया जा रहा है। मुआयने के दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, यूडीए अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

होमगार्ड जवानों को सांप पकडऩे और रेस्क्यू का प्रशिक्षण दिया जाए

सीएम वीर संग्रहालय के बाद रेप्टाइल पार्क (सर्प उद्यान) एवं अनुसंधान केंद्र गए। उन्होंने अफसरों से कहा कि होमगार्ड के जवानों को भी सांप पकडऩे और सुरक्षित रेस्क्यू करने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि रिहायशी क्षेत्रों में सांप दिखते हैं। अगर होमगार्ड प्रशिक्षित होंगे तो वे सर्पों का सुरक्षित रेस्क्यू कर सकेंगे। इससे वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। बसंत विहार क्षेत्र में स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत रेप्टाइल पार्क (सर्प उद्यान) एवं अनुसंधान केंद्र बनाया जा रहा है। उन्होंने रेप्टाइल पार्क में विशेष विजिटर जोन, विभिन्न प्रजातियों के सर्पों और अन्य सरीसृपों के प्रदर्शन के लिए प्रदर्शनी क्षेत्र, जन सुविधा केंद्र, चिकित्सालय, पोस्टमार्टम कक्ष, इंटरप्रिटेशन सेंटर, रिसर्च सेंटर, एजुकेशन सेंटर तथा अत्याधुनिक रेस्क्यू सेंटर का काम देखा और अफसरों को जरूरी निर्देश दिए।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें