आबादी के अनुसार परिसीमन होता तो कई राज्यों में घट जाती सीट

वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर किए गए एक आकलन से सामने आई तस्वीर…
नए परिसीमन विधेयक में सभी राज्यों में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रावधान
नईदिल्ली, एजेंसी। लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर जारी बहस के बीच वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर किए गए एक आकलन ने महत्वपूर्ण तस्वीर सामने रखी है। इसके मुताबिक यदि लोकसभा सीटों का पुनर्वितरण केवल जनसंख्या के आधार पर किया जाता, तो दक्षिण के साथ उत्तर और पश्चिम भारत के कई राज्यों को मौजूदा सीटों के मुकाबले नुकसान उठाना पड़ता।
ऐसे घटती सीटें..
तुलनात्मक आकलन के अनुसार, 2011 की जनसंख्या के आधार पर सीटों का निर्धारण करने पर तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से घटकर 32 रह जातीं। केरल की 20 से 15, आंध्र की 25 से 21 और कर्नाटक की 28 से घटकर 27 हो जातीं। इसी तरह ओडिशा की सीटें 21 से 19, पंजाब की 13 से 12, उत्तराखंड की पांच से चार, हिमाचल प्रदेश की चार से घटकर तीन और पश्चिम बंगाल की 42 से घटकर 41 हो सकती थीं।
यूपी-बिहार की सीटें भी कम बढ़तीं – इस आकलन में उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 89, बिहार की 40 से 46 और राजस्थान की 25 से 30 होने का अनुमान लगाया गया है। मध्य प्रदेश की सीटें 29 से बढ़कर 32 और महाराष्ट्र की 48 से बढ़कर 50 हो सकती थीं।
548 तक ही बढ़ती लोकसभा में सदस्यों की कुल संख्या
दक्षिण भारत के साथ उत्तर और पश्चिम भारत के कई राज्यों को मौजूदा सीटों पर होता नुकसान
नए फॉर्मूले में कम नहीं होंगी सीटें
आकलन में यूपी की सीटें 80 से बढ़कर 120, तमिलनाडु की 39 से 59, केरल की 20 से 30 और आंध्र प्रदेश की 25 से 38 होने का अनुमान है। इस तुलनात्मक गणना के अनुसार, वर्तमान 543 लोकसभा सीटें जनसंख्या आधारित अनुमान में 548 होतीं, जबकि प्रस्तावित 50 प्रतिशत वृद्धि के फॉर्मूले से कुल सीटें 824 तक पहुंचने का अनुमान है।
1952 से लेकर 2002 तक चार बार परिसीमन
वर्ष 1952 से 2002 तक चार बार परिसीमन हुआ। तीसरे परिसीमन 1977 में जो सीटें बढ़ी वो आज भी जारी हैं। 1952 में पहले आयोग की सिफारिश पर लोकसभा की 494 सीटें तय हुई थी। उस समय देश की आबादी 17.5 करोड़ थी। 1963 में बने दूसरे आयोग के बाद सीटों की संख्या 520 हुई। 1973 में तीसरा आयोग की सिफारिश पर 542 सीटें तय की। 1975 में सिक्किम के भारत का हिस्सा बनने से एक सीट बढ़ी।
स्टालिन-पवार को मनाने जाएंगे सोनिया ममता और अखिलेश
नईदिल्ली, एजेंसी। परिसीमन बिल के सपोर्ट का ऐलान कर चुकी डीएमके और एनसीपी (एसपी) को कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के नेता अपने खेमे में लाने की कोशिश में जुटे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश, मीसा भारती और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री परिसीमन के मुद्दे पर स्टालिन से मिलने आज चेन्नई जाएंगे।
स्टालिन से मुलाकात के बाद सभी रात को मुंबई में शरद पवार से मिलेंगे। स्टालिन की पार्टी डीएमके ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बिल के समर्थन का ऐलान किया था। वहीं शुक्रवार को एनसीपी (एसपी) के विधायक ने कहा था कि शरद पवार बिल के समर्थन को तैयार हैं।
बिल का विरोध करेगी सपा ने व्हिप जारी करके अपने सभी सांसदों ने परिसीमन बिल के दौरान चर्चा में मौजूद रहने और बिल का विरोध करने को कहा है।









