तीन राज्यों में सड़क हादसे और आग की घटनाएं, 25 की मौत

झारखंड में स्कॉर्पियो हादसे में 13 की मौत, उत्तराखंड में कार खाई में गिरने से 8 लोगों ने गंवाई जान, दिल्ली में मकान में आग से 4 की मौत
देश के तीन राज्यों में हुए अलग-अलग हादसों में 25 लोगों की मौत हो गई। झारखंड में सड़क हादसे में 13 लोगों की जान गई, वहीं उत्तराखंड में कार के गहरी खाई में गिरने से 8 लोगों की मौत हुई। दिल्ली में मकान में आग लगने की घटना में 4 लोगों की जान चली गई। तीनों घटनाओं में राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
ईको कार ने खोया संतुलन
उत्तराखंड : पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हुई, जबकि 4 घायल हो गए। मृतकों में 7 महिलाएं और एक चालक शामिल हैं। सभी भगलवाण गांव के निवासी थे।
रजरप्पा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे
झारखंड : बिहार के नालंदा जिले से रजरप्पा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे 13 लोगों की रामगढ़ के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शनिवार देर रात हुआ। स्कॉर्पियो में 14 लोग सवार थे, जिनमें से 13 की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 5 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं।
ई-रिक्शा के चार्जिंग पाइंट में शॉर्ट सर्किट
दिल्ली : विश्वास नगर इलाके में रविवार सुबह एक मकान में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हुए हैं। ई-रिक्शा के चार्जिंग पाइंट में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। घटना के दौरान सभी लोग मकान की पहली मंजिल पर सो रहे थे।









