कोटा से हैदराबाद ड्रग्स ले जा रहा जयपुर का युवक उज्जैन में पकड़ाया, 10 लाख रुपए की एमडी जब्त

मन्नारगुडी एक्सप्रेस से हो रही थी ड्रग्स की तस्करी
उज्जैन। जयपुर-मन्नारगुडी एक्सप्रेस से ड्रग्स की तस्करी की जा रही है। आरपीएफ ने १० लाख रुपए की एमडी ड्रग्स पकड़ी है। जयपुर के युवक ने कोटा से एमडी उठाई थी, हैदराबाद में डिलिवरी देनी थी, लेकिन उज्जैन स्टेशन पर ही उसे दबोच लिया गया।
आरपीएफ थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) से जयपुर-मन्नारगुडी एक्सप्रेस से एमडी ले जाने की जानकारी मिली थी। यह ट्रेन शुक्रवार सुबह करीब ५.३० उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म १ पर आई थी। आरपीएफ और एनसीबी की टीम को एस-1 कोच में ड्रग पैडलर युवक मिल गया।
उसका नाम राजू विश्नोई पुत्र भंवरलाल, निवासी पीथावास (जोधपुर) है। उसके बैग से 80 ग्राम एमडी मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है।
आरोपी ने बताया कि उसने कोटा से ड्रग्स उठाई थी। कोटा से उज्जैन होते हुए वह भोपाल जा रहा था। यहां से ट्रेन बदलकर उसे हैदराबाद जाना था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी को एनसीबी इंदौर के हवाले कर दिया है। कार्रवाई में एएसआई साजिद हुसैन, हेड कांस्टेबल मुख्तियार सिंह, राजाराम यादव, कमल सिंह और आशीष मारवाल की सराहनीय भूमिका रही।









