मामा ने भांजे के सीने में चाकू मारे, कार के कांच फोड़े

उज्जैन। जयसिंहपुरा में रहने वाले युवक पर उसके मामा ने चाकू से हमला कर कार के कांच फोड़ दिए। महाकाल थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि रितिक पिता संतोष राठौर (26) निवासी बंसी का बाड़ा जयसिंहपुरा कार ड्रायवर है। रविवार रात करीब 9.15 बजे वह घर के बाहर कार में बैठा था तभी मामा लक्ष्मण पिता प्रकाश निवासी जयसिंहपुरा यहां पहुंचा। लक्ष्मण ने कार के कांच फोड़ दिए। रितिक ने उसे रोकने का प्रयास किया तो मामा ने उसके सीने में चाकू मारकर घायल कर दिया।
ई रिक्शा चालकों में सवारी को लेकर विवाद
उज्जैन। ई रिक्शा में सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ जिसकी रिपोर्ट चिमनगंज थाने में दर्ज कराई गई।
पुलिस ने बताया कि लक्की बाथम पिता भूरा बाथम निवासी फाजलपुरा ई रिक्शा चलाता है। रविवार को वह खिलचीपुर पुलिया आगर रोड पर सवारी लेकर गया जहां फैजान, सोमिल और अन्य ई रिक्शा चालकों ने उसे रोका और सवारी बैठाने को लेकर विवाद के बाद मारपीट कर दी।
फोरलेन पर काम कर रहे सुपरवाइजर की मौत
उज्जैन। रविवार दोपहर फोरलेन पर काम कर रहे सुपरवाइजर की हार्ट अटैक के बाद मृत्यु हो गई। महाकाल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया। पुलिस ने बताया कि अनिरूद्ध पिता आत्माराम मालवीय (41) निवासी अन्नपूर्णा नगर नानाखेड़ा कुत्ता बावड़ी के पास बन रहे फोरलेन पर सुपरवाइजर का काम कर रहा था। रविवार दोपहर उसकी तबियत बिगड़ी तो साथी कर्मचारी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने अनिरूद्ध को मृत घोषित कर दिया।
सो रहे अधेड़ के सीने पर सांप ने काटा, मौत
उज्जैन। रविवार रात घर में सो रहे अधेड़ के सीने पर सांप ने काट लिया। परिजन उसे अस्पताल लेकर आए जहां उसकी मृत्यु हो गई।
नटवरलाल पिता कैलाशचंद (50) निवासी ईशाकपुर घट्टिया रविवार रात घर में सो रहा था। रविवार रात करीब 1.30 बजे सांप ने उनके सीने पर काट लिया। नटवरलाल ने अपने रिश्तेदार अर्जुन को फोन पर इसकी सूचना दी। अर्जुन उसे लेकर अस्पताल पहुंचा जहां डॉक्टर ने नटवरलाल को मृत घोषित कर दिया। परिजन ने बताया कि वह किसान था।









