NEET पेपर लीक पर जंतर-मंतर में उबाल, हजारों छात्रों के साथ CJP का प्रदर्शन
हजारों छात्रों और युवाओं ने किया विरोध प्रदर्शन, अमेरिका से लौटते ही जंतर-मंतर पहुंचे पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके

CJP के प्रदर्शन में पहुंचा ‘हिट’ लेकर शख्स,शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो के नारे लगे
नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को NEET पेपर लीक और विभिन्न भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी भी की गई। आयोजन का नेतृत्व CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया। बताया गया कि दीपके अमेरिका से दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे जंतर-मंतर पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए।प्रदर्शन स्थल पर उस समय हलचल मच गई जब एक व्यक्ति कथित तौर पर कॉकरोच मारने वाला स्प्रे लेकर पहुंच गया। पार्टी समर्थकों ने विरोध जताते हुए उसे कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया।
इस बीच महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अभिजीत दीपके के आवास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार, संभावित भीड़ और समर्थकों की आवाजाही को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पहले जहां एक सुरक्षाकर्मी तैनात था, वहीं अब एक अधिकारी समेत 10 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।









