ना दरवाजा खुला, ना ताला टूटा, दानपेटी से नोट चोरी

पॉश कॉलोनी विवेकानंद के विवेकेश्वर महादेव मंदिर में चोरी
उज्जैन। पॉश कॉलोनी विवेकांनद नगर के विवेकेश्वर महादेव मंदिर में अलग ही तरह से चोरी की वारदात हुई। ना मंदिर के गेट का ताला टूटा, ना दरवाजा खुला फिर भी बदमाश दानपेटी तोडक़र नोट समेट ले गया। चिल्लर उसने यूं ही छोड़ दी। मंदिर के ऊपरी भाग में लोहे की चद्दर का एक कोना खुला हुआ है लेकिन यह इतना छोटा है कि उसमें किसी का घुसना और फिर निकलना मुश्किल है। फिलहाल मामला नीलगंगा पुलिस के संज्ञान में आया है।
विवेकेश्वर महादेव मंदिर विवेकानंद नगर में सांकलिया कुएं के पास है। यहां नगरनिगम का हाइडे्रंट भी है और निगम के टैंकर यहां पानी भरने के लिए आते रहते हैं।
मंदिर के पुजारी योगेश पाठक हैं और वे शास्त्रीनगर में रहते हैं। बीती रात करीब 10 बजे वे मंदिर के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर घर चले गए थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब वे पूजन के लिए पहुंचे और मंदिर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो दानपेटी का नकूचा टूटा हुआ था और उसमें से सारे नोट गायब थे। चिल्लर पेटी में ही थी।
चोरी की श्ंाका होने पर उन्होंने नीलगंगा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची। तब तक क्षेत्रीय पार्षद दुर्गा चौधरी और पति शक्ति चौधरी भी पहुंच गए थे। शक्ति चौधरी ने बताया कि मंदिर का गेट बंद था। ताला भी सुरक्षित था, ऐसे में चोर कहां से आया, यह सवाल है। ऊपर लगी लोहे की चद्दर अपनी जगह से थोड़ी सी हटी हुई है, लेकिन यह गैप भी कम है। यहां से किसी का घुसना मुश्किल है।









