हरियाली अमावस्या पर रोपे जाएंगे एक लाख पौधे

एक पौधा मां के नाम : सामाजिक-धार्मिक और शैक्षणिक संस्थाएं भी करेंगी सहभागिता, शपथ ली

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन एक पौधा मां के नाम अभियान अन्तर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिसकी समीक्षा शनिवार को विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह एवं निगम आयुक्त आशीष पाठक द्वारा मेला कार्यालय में की गई। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिगण एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श उपरांत 4 अगस्त हरियाली अमावस्या के अवसर पर वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सभी से अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत बड़ी संख्या में पौधारोपण करने के साथ ही वायु दूत ऐप पर पोधरोपण करते हुए सेल्फी अपलोड करने हेतु अपील की गई। आयुक्त पाठक द्वारा बताया गया कि बैठक में उपस्थित संस्थाप्रमुखों से विचार विमर्श कर शहर के विभिन्न स्थानों का चयन किया जाकर लगभग 1 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नगर निगम उद्यान विभाग का सम्पूर्ण अमला अपने संसाधनों के साथ पौधारोपण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं मे जुट गया है तथा जिन स्थानों पर पौधारोपण होना है वहां गड्ढे करना, पौधो की व्यवस्था करना सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही है। हरियाली अमावस्या पर आयोजित होने वाले महापौधारोपण अभियान में सहभागिता करने हेतु शहर की समस्त संस्थाओं द्वारा अपने विचार व्यक्त किये जाकर पौधारोपण हेतु अपनी सहमति दी गई।
शुक्रवार और शनिवार को आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में संस्था प्रमुखों द्वारा अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए इस महाअभियान में वृहद स्तर पर पौधारोपण हेतु स्थानों को चिन्ह करते हुए स्वयं पौधो की व्यवस्था करते हुए पौधारोपण करने की बात कही। बैठक में उपस्थिति जनप्रतिनिधियों, समाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के पदाधिकारियों को 4 अगस्त को आयोजित होने वाले महाअभियान में पौधारोपण करने की शपथ दिलाई गई। बैठक में जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।
पौधारोपण के लिए वार्डवार नोडल अधिकारी नियुक्त
4 अगस्त को हरियाली अमावस्या के अवसर पर आयोजित होने वाले पौधारोपण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु आयुक्त पाठक द्वारा आदेश जारी किया जाकर अपर आयुक्त दिनेश चौरषिया को सम्पूर्ण पौधारोपण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है साथ ही समस्त उपायुक्तगण संजेश गुप्ता, आरती खेडेकर, मनोज मौर्य, प्रेमकुमार सुमन, कृतिका भीमावत एवं पूजा गोयल को झोनल नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाकर समस्त 54 वार्डो हेतु 54 अधिकारियों-कर्मचारियों को पौधारोपण कार्यक्रम का दायित्व सौपा गया है।
झोनल नोडल अधिकारी एवं झोनल अधिकारियों के निर्देशन में अपने वार्ड के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, नागरिकों एवं शासकीय विभागों के द्वारा चयनित स्थानों पर किये जाने वाले पौधारोपण हेतु आवश्यक संस्थान एवं पौधे उपलब्ध कराएंगे साथ ही संस्थाओं के सदस्यों से रोपे गए पौधों का वायुदुत एप पर रजिस्ट्रेशन एवं संरक्षण किये जाने का कार्य सम्पादित करेंगे।









