दक्षिण में जलप्रदाय के लिए टंकियों पर ‘पॉवर’

उत्तर का पानी कुछ समय रोका कई क्षेत्रों में लोग परेशान….

निगम आयुक्त सहित पीएचई के अफसर सुबह टंकियों पर रहे तैनात
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:उज्जैन दक्षिण क्षेत्र के कई घरों में जलसंकट ने नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। जलप्रदाय व्यवस्था को कंट्रोल करने के लिए इस बार निगम आयुक्त ने टंकियों पर ही पॉवर लगा दिया। पीएचई के ईई से लेकर उपायुक्त टंकियों के पास तैनात रहे और इस बात पर नजर रखते रहे कि जल सप्लाई में कहीं कोई गड़बड़ी न रहे। इसके लिए उत्तर क्षेत्र के कुछ क्षेत्रों में होने वाले पेयजल प्रदाय को भी रोका गया।
दक्षिण क्षेत्र में पेयजल प्रदाय के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी अपनी ताकत लगा रही है। सुबह और शाम को पेयजल प्रदाय करने का प्रयोग भी काम नहीं आया तो दक्षिण क्षेत्र में जलप्रदाय का समय भी बदला लेकिन कामयाबी नहीं मिली तो शनिवार को निगम प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत हो झोंक दी। हर टंकी के लिए एक प्रभारी अधिकारी तैनात किया गया और जलप्रदाय की हर व्यवस्था पर नजर रखी गई। ऐसा पहली बार हुआ है जब पीएचई के कार्यपालन यंत्री से लेकर उपायुक्त की ड्यूटी पानी की टंकी पर लगाई गई।
उत्तर में गड़बड़ाई पेयजल सप्लाई…
दक्षिण के चक्कर में उज्जैन उत्तर के वार्ड 2 में कई जगह समय पर पानी नहीं मिल सका। पुष्पांजलि नगर, अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी और राजीव नगर में जलप्रदाय प्रभावित हुआ। पार्षद बबीता घनश्याम गौड़ ने बताया पुष्पांजलि नगर में सुबह 9 बजे पानी आ सका। राजीव नगर की दो गलियों में पानी पहुंच नहीं सका।
20 साल बाद बदला जलप्रदाय का समय…
दक्षिण क्षेत्र में पिछले 20 साल से सुबह 5.30 बजे से जलप्रदाय किया जाता रहा। पीएचई ने समय बदलकर सुबह 7 बजे से कर दिया है। इसी समय उज्जैन उत्तर के वार्ड 2 व अन्य क्षेत्रों में दक्षिण के साथ जलप्रदाय किया जाता है। इस कारण बूस्टिंग की समस्या आ रही है। शनिवार सुबह 4 बजे उत्तर क्षेत्र के वाल्व भी बंद रखे गए। इससे उत्तर क्षेत्र में सप्लाई प्रभावित हुई। हालांकि उत्तर में शुक्रवार को जलप्रदाय का टर्न था, लेकिन वार्ड 2 के कुछ क्षेत्रों में शनिवार को दक्षिण के साथ जलप्रदाय किया गया।
सड़क के नीचे लाइन
उत्तर क्षेत्र अंतर्गत ढांचा भवन में नाग मंदिर गली निवासी लोकेंद्रसिंह चौहान ने बताया सुबह से पानी नहीं आया। निगम अधिकारियों को भी शिकायत की। पानी की लाइन सड़क के नीचे है। इस कारण पानी ऊपर चढ़ नहीं पाता। शनिवार को भी लोग परेशान होते रहे।
कब क्या प्रयास…
14 मार्च को उज्जैन उत्तर में सुबह और दक्षिण क्षेत्र में शाम को जलप्रदाय का निर्णय
1 अप्रैल से उज्जैन उत्तर और दक्षिण में बारी बारी से एक दिन छोड़कर जलप्रदाय का निर्णय
4 अप्रैल से दक्षिण क्षेत्र में सुबह 5.30 से 6.30 की जगह सुबह 7 से 8 बजे जलप्रदाय का निर्णय।
लेकिन… आधे घंटे चले नल और सप्लाई बंद
दक्षिण क्षेत्र में जलप्रदाय व्यवस्था को सुधारने के जितने प्रयास किए गए, वे सभी पूरी तरह से सफल नहीं हो पा रहे। शनिवार को फ्रीगंज क्षेत्र के वार्ड 39 में पानी नहीं आने की शिकायत ने अफसरों के बीच दौड़धूप करा दी। हालांकि बाद में शिकायत का निराकरण किया गया। दरअसल, वार्ड में सुबह 7.30 बजे ही पानी की सप्लाई बंद हो गई। इस पर पार्षद जितेंद्र कुवाल ने शिकायत दर्ज कराई कि आधे घंटे में पानी मिलने से कैसे काम होगा। इस पर प्रभारी अधिकारी ने तत्काल सप्लाई शुरू कराई। सुबह 9 बजे दोबारा नल चालू कराए गए।









