घाट निर्माण के पत्थरों की होगी वैज्ञानिक जांच

प्रमुख सचिव ने देखा सिंहस्थ का कामकाज, प्रोजेक्ट समय पर पूरा करने के निर्देश दिए
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ की तैयारियों के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का गुरुवार को जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव, संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मैदानी निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने शिप्रा तट पर नवीन घाट निर्माण, कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना तथा सेवरखेड़ी बैराज निर्माण कार्य का अवलोकन कर प्रगति की समीक्षा की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सबसे पहले त्रिवेणी श्री नवग्रह शनि मंदिर के समीप शिप्रा नदी पर किए जा रहे नवीन घाट निर्माण कार्य का जायजा लिया। प्रमुख सचिव यादव ने निर्देश दिए कि घाट निर्माण के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और विद्युत वायरिंग पूरी तरह अंडरग्राउंड हो। करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में घाट निर्माण और पत्थर लगाए जाने की योजना के तहत उपयोग किए जाने वाले पत्थरों की वैज्ञानिक स्थिति एवं उपयुक्तता का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए।
कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना का टनल में जाकर लिया जायजा
अधिकारियों ने जवासिया में महत्वपूर्ण कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने करीब 100 फीट नीचे टनल में उतरकर निर्माण कार्य की प्रगति को देखा। यहां 18.15 किलोमीटर कट-कवर तथा 12 किलोमीटर टनल का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने से कान्ह नदी का दूषित जल शिप्रा में मिलने से रुकेगा, जिससे शिप्रा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।
सेवरखेड़ी बैराज का 90 प्रतिशत काम पूरा
अधिकारियों ने ग्राम सेवरखेड़ी में निर्माणाधीन बैराज का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि बैराज निर्माण का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यहाँ 1.45 मिलियन घन मीटर क्षमता का बैराज बनाया जा रहा है। 3 मीटर व्यास की 6.50 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिए शिप्रा नदी का जल सिलारखेड़ी जलाशय में संचित किया जाएगा, जिसे आवश्यकतानुसार पुन: शिप्रा में छोड़कर नदी को निरंतर प्रवाहमान रखा जाएगा। प्रमुख सचिव ने वर्षा काल में बैराज के गेट लगाकर वर्षा जल को संचित करने के निर्देश दिए। साथ ही पंप हाउस (4 मुख्य और 1 स्टैंडबाय पंप) के निर्माण की भी समीक्षा की और इंजीनियरों को सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
ब्रिज निर्माण का काम देखने पहुंचे अधिकारी
उज्जैन। फ्रीगंज ब्रिज निर्माण कार्य में अब तेजी लाने की तैयारी शुरू हो गई है। निर्माण कार्य और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गुरुवार को संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण के अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान ब्रिज निर्माण के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने को लेकर अधिकारियों से चर्चा की गई। ब्रिज निर्माण के चलते शहर में यातायात प्रभावित न हो और लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े, इस पर प्रशासन विशेष ध्यान दे रहा है। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने कहा कि निर्माण के दौरान ट्रैफिक को व्यवस्थित रखते हुए काम कराया जाएगा, ताकि वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि ब्रिज का निर्माण कार्य अब अच्छी स्थिति में पहुंच गया है और अगली बरसात से पहले इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दीपावली बाद शुरू होगी लॉन्चिंग
सेतु निर्माण के कार्यपालन यंत्री पीएस पंत ने बताया कि ब्रिज निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कामों को भी गति दी जा रही है। उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद ब्रिज की लॉन्चिंग का काम शुरू करने की तैयारी है।









