क्या बच्चों की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करनी चाहिए?

क्या बच्चों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करनी चाहिए? एक्सपर्ट से जानें इसका बच्चे पर क्या असर पड़ सकता है
आज के समय में सोशल मीडिया हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। माता-पिता अक्सर अपने बच्चों की पहली मुस्कान, पहला जन्मदिन, स्कूल का पहला दिन या अन्य यादगार पलों की तस्वीरें और वीडियो फेसबुक, इंस्टाग्राम या व्हाट्सऐप जैसे प्लेटफॉर्म पर साझा करते हैं। हालांकि, यह आदत जितनी सामान्य लगती है, उतनी ही गंभीर चिंताएं भी इसके साथ जुड़ी हैं।
पेरेंटिंग कोच रिद्धि देवराह का मानना है कि बच्चों की हर छोटी-बड़ी गतिविधि को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले माता-पिता को उसके दीर्घकालिक प्रभावों के बारे में जरूर सोचना चाहिए।
कैसे शुरू होती है यह आदत?
शुरुआत अक्सर एक फोटो या छोटे वीडियो से होती है। पोस्ट पर मिलने वाले लाइक, कमेंट और तारीफ माता-पिता को अच्छा महसूस कराते हैं, जिसके बाद वे बच्चों की और भी तस्वीरें और वीडियो साझा करने लगते हैं। धीरे-धीरे बच्चा सोशल मीडिया कंटेंट का हिस्सा बन जाता है।
बच्चे के मानसिक विकास पर क्या असर पड़ सकता है?
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि बच्चों को बार-बार कैमरे के सामने लाया जाए, तो उनके मन में यह धारणा बन सकती है कि उन्हें तभी प्यार, तारीफ और ध्यान मिलेगा जब वे लोगों का मनोरंजन करेंगे या “क्यूट” दिखेंगे।
इसका असर आगे चलकर इन बातों पर पड़ सकता है:
- आत्मविश्वास और आत्मसम्मान
- अपनी पहचान को लेकर सोच
- दूसरों की प्रतिक्रिया पर निर्भरता
- स्वाभाविक बचपन का आनंद
कैमरे के लिए जीने की आदत बन सकती है
अक्सर माता-पिता बच्चों से कहते हैं, “एक बार फिर से ऐसा करो, वीडियो बनानी है” या “कैमरे की तरफ देखकर बोलो।”
ऐसी स्थिति में बच्चा पल को जीने के बजाय कैमरे के लिए व्यवहार करना सीख सकता है। समय के साथ यह उसकी स्वाभाविक अभिव्यक्ति को प्रभावित कर सकता है।
बड़े होने पर बच्चा हो सकता है असहज
जो वीडियो आज परिवार को मजेदार लग रही हो, वही बच्चा बड़े होने पर देखकर शर्मिंदगी या असहजता महसूस कर सकता है।
इसलिए किसी भी फोटो या वीडियो को पोस्ट करने से पहले यह सोचना जरूरी है कि क्या भविष्य में बच्चा स्वयं इसे सार्वजनिक रूप से देखना पसंद करेगा।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से पहले खुद से पूछें ये सवाल
- क्या मेरा बच्चा बड़ा होकर इस पोस्ट से सहज महसूस करेगा?
- क्या यह फोटो उसकी निजी जिंदगी का सम्मान करती है?
- क्या यह पोस्ट वास्तव में सार्वजनिक करने लायक है?
यदि इन सवालों का जवाब पूरी तरह “हां” नहीं है, तो पोस्ट करने से पहले दोबारा विचार करना बेहतर होगा।
बच्चे की प्राइवेसी सबसे जरूरी
हर बच्चे को अपनी निजी जिंदगी का अधिकार है। वह इतनी उम्र में नहीं होता कि यह तय कर सके कि उसकी कौन-सी तस्वीर या वीडियो सार्वजनिक होनी चाहिए।
ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे:
- बच्चे की निजता का सम्मान करें।
- संवेदनशील या निजी तस्वीरें साझा करने से बचें।
- हर याद को सोशल मीडिया पर डालने की बजाय परिवार तक सीमित रखें।
निष्कर्ष
बच्चों की यादें अनमोल होती हैं, लेकिन हर याद को इंटरनेट पर साझा करना जरूरी नहीं है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से पहले एक मिनट रुककर यह जरूर सोचें कि कहीं यह आपके बच्चे की प्राइवेसी, आत्मसम्मान और भविष्य को प्रभावित तो नहीं करेगा। समझदारी से लिया गया यह छोटा-सा फैसला आपके बच्चे के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता।









