सिंहस्थ में श्रद्धालुओं को राह दिखाएंगे स्मार्ट साइनेज

मेला क्षेत्र और सडक़ों पर एक जैसे दिखेंगे दिशा-सूचक बोर्ड

उज्जैन। सिंहस्थ में श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए उज्जैन की सडक़ों और मेला क्षेत्र को स्मार्ट नेविगेशन सिस्टम से लैस किया जाएगा। जो पूरे शहर में एक समान होंगे।सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने इन साइनेज (दिशा सूचक) को लेकर एक मास्टर प्लान तैयार किया है। शुक्रवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ इसके मास्टर प्लान को फाइनल किया गया।
मेला अधिकारी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सभी मेजर रोड, कनेक्टिंग रोड और मेला क्षेत्र में लगाए जाने वाले साइनेज में पूर्णत: एकरूपता होनी चाहिए। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह का भ्रम न हो। साइनेज को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि वे स्पष्ट, यूजर-फ्रेंडली और दूर से भी आसानी से दिखाई दें। साइनेज केवल रास्ता बताने का काम नहीं करेंगे, बल्कि भीड़ प्रबंधन का भी हिस्सा होंगे। दिशासूचक चिन्हों के माध्यम से श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोडक़र संवेदनशील क्षेत्रों में दबाव कम किया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा संबंधी संकेतक यह सुनिश्चित करेंगे कि आपातकालीन सेवाएं बिना किसी देरी के अपने टारगेट तक पहुँच सकें।
संकेतकों ऐसे होंगे जो आसानी से समझें जा सकें
प्रमुख प्रवेश द्वार और पार्किंग से लेकर घाटों तक हर महत्वपूर्ण मोड़ पर संकेतक होंगे। केवल टेक्स्ट ही नहीं, बल्कि चित्रों और प्रतीकों का भी उपयोग किया जाएगा ताकि भाषा की दीवार आड़े न आए। स्नान क्षेत्र, मंदिर, शिविर, भोजनालय, शौचालय और चिकित्सा केंद्रों के संकेतक ऐसे बनेंगे जिन्हें ढूंढना तीर्थयात्रियों के लिए सहज होगा।
साइट पर लाइव फोटो अपलोड करना जरूरी
उज्जैन। संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शुक्रवार को निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अब एक-एक दिन महत्वपूर्ण है। इसलिए निर्माणाधीन कार्यों की साइट पर अधिकारी रोज जाएं और कार्य प्रगति की जानकारी के साथ फोटो पोर्टल पर अपलोड अवश्य करें। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को हरिफाटक से लालपुल की सडक़ बारिश के पहले पूरी करने के निर्देश दिए।









